


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को नई दिल्ली में आगामी केंद्रीय बजट 2027-28 के लिए बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर), ऊर्जा और स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी) क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र के विशेषज्ञों और हितधारकों के साथ बजट-पूर्व परामर्श बैठक की अध्यक्षता की।
वित्त मंत्रालय ने एक्स पर जारी एक पोस्ट में बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आईटी क्षेत्र के विशेषज्ञों और संबंधित पक्षों के साथ बजट पूर्व बैठकों की अध्यक्षता की। उन्होंने केंद्रीय बजट 2027-28 के लिए सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विशेषज्ञों और संबंधित पक्षों के साथ छठे बजट-पूर्व परामर्श की अध्यक्षता की।’’ इसके साथ ही सीतारणम ने आगामी केंद्रीय बजट 2027-28 के संबंध में बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर), ऊर्जा और स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी) क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ सातवीं 'प्री-बजट परामर्श' बैठक की अध्यक्षता की।
मंत्रालय ने कहा कि इन बैठकों में आईटी उद्योग संगठन नैसकॉम के अध्यक्ष राजेश नांबियार और माइक्रोसॉफ्ट इंडिया एवं दक्षिण एशिया के अध्यक्ष पुनीत चंडोक सहित अन्य लोग शामिल हुए।
वित्त मंत्रालय ने कहा, ‘‘बैठक में आर्थिक मामलों के विभाग की सचिव, नीति आयोग के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और मुख्य आर्थिक सलाहकार मौजूद थे।’’ इसके अलावा सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, तथा भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार ने भी भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर