बलिया में राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने खिलाड़ियाें का बढ़ाया उत्साह

युगवार्ता    02-Nov-2026
Total Views |
फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन करते मंत्री


बलिया, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया में साेमवार काे स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया। उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के अध्यक्ष अरविंद मेनन ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता दो से छह नवंबर तक चलेगी।

अरविंद मेनन और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्वलन कर तथा उद्घाटन मुकाबले में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। अंडर 17 बालक वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 36 टीमों से कुल 644 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को शुभकामना देते हुए कहा कि 'खेल स्वास्थ्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण है, खेल मैदान बढ़ेंगे तो चिकित्सा पर खर्च कम होगा। देश एवं प्रदेश की सरकार स्पोर्ट्स कोटे से खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में सेवा का अवसर प्रदान कर रही है।'

मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के अध्यक्ष अरविंद मेनन ने ने कहा कि फुटबॉल टीम भावना का खेल है, अनुशासन एवं टीम भावना के साथ खेल शत प्रतिशत सफल परिणाम देता है। निरंतर अभ्यास खिलाड़ियों से बेहतर परिणाम के लिए सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ डॉ राजेश आर्य ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर समस्त अतिथियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला वॉलीबाल एसोसिएशन के सचिव नीरज राय ने किया।

इस दौरान भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव, प्रतियोगिता समन्वयक दिनेश कुमार सिंह, अरविंद कुमार सिंह, पंकज सिंह, ज्ञानेंद्र राय, दिनेश प्रसाद, राजन प्रताप और जनार्दन सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।

मेजबान टीम ने 3-0 से जीता उद्घाटन मुकाबला

वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में मेजबान उत्तर प्रदेश ने तेलंगाना को 3-0 मात देकर दमदार आगाज किया। अपने पहले मुकाबले के पहले ही मिनट में उत्तर प्रदेश के मोहम्मद फैज़ान ने बेहतरीन गोल कर टीम का खाता खोला। मैच के 24वें मिनट में उत्तर प्रदेश के पंकज चौहान ने अपनी टीम के लिए दूसरा गोल कर टीम को निर्णायक बढ़त दिला दी। खेल मध्यांतर तक 2-0 की बढ़त के बाद खेलने उतरी मेजबान टीम के लिए 58वें मिनट में रहमान ने तीसरा गोल कर मैच का परिणाम तय कर दिया।

मैच की समाप्ति पर उत्तर प्रदेश ने 3-0 के स्कोर के साथ जीत दर्ज कर दमदार आगाज किया जबकि मिनी स्टेडियम शेर में खेल गए मुकाबले में हरियाणा ने हिमाचल प्रदेश को 3-1 से मात दी। हरियाणा के लिए मैच के पहले मिनट में सावन, 28वें मिनट में रक्षित एवं 29वें मिनट में यश ने गोल किया। वहीं हिमाचल के लिए एक मात्र गोल मैच के दूसरे मिनट में हामिद ने किया। दूसरे मुकाबले में पश्चिम बंगाल ने झारखंड को 1-0 से मात दिया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम, रामदहीन सिंह इंटर कॉलेज, टाउन पॉलिटेक्निक एवं मिनी स्टेडियम शेर पर दर्जनों मुकाबले खेले जाएंगे।

निर्णायक की भूमिका अमल कुंवर, मोहम्मद गयासुद्दीन, अजय यादव, मेहरुद्दीन, शनि कुमार, सौरभ कुमार, अजीत सिंह, चंद्रकांत राय, राजू कुमार, मोहम्मद अशफाक, संजय साहनी, धर्मवीर प्रजापति, रवि शर्मा, हाजी मुनव्वर, मनोज तिवारी, उपेंद्र शुक्ला, नवनीत व विशाल कुमार आदि ने निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Tags