सीबीएफसी का सख्त रुख, अधूरी फिल्मों को नहीं मिलेगा सर्टिफिकेशन

युगवार्ता    02-Nov-2026
Total Views |
सीबीएफसी - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 02 नवंबर (हि.स.)। फिल्मों के प्रमाणन को लेकर केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने निर्माताओं के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अब अधूरी फिल्में सर्टिफिकेशन के लिए स्वीकार नहीं की जाएंगी।

सीबीएफसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राजेंद्र सिंह के हस्ताक्षर से जारी निर्देश के अनुसार, फिल्म को प्रमाणन के लिए भेजने से पहले उसके सभी काम पूरे करने होंगे। इसमें ग्राफिक्स, बैकग्राउंड म्यूजिक, गाने और अन्य तकनीकी काम शामिल हैं। अधूरी फिल्म या कच्चे ग्राफिक्स के साथ आवेदन करने पर उसे खारिज किया जा सकता है या प्रक्रिया में देरी हो सकती है।

बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि आवेदन तभी स्वीकार किया जाएगा, जब उसमें सभी जरूरी सामग्री और जानकारियां पूरी तरह सही होंगी। जिस दिन आवेदन स्वीकार होगा, उसी दिन को उसकी आधिकारिक प्राप्ति की तारीख माना जाएगा। फिल्मों के नाम को लेकर भी बोर्ड ने अपना रुख स्पष्ट किया है। प्रचार सामग्री या आवेदन में दर्ज नाम को अंतिम नहीं माना जाएगा। स्क्रीनिंग और रिवाइजिंग कमिटी को फिल्म के नाम की समीक्षा करने और जरूरत पड़ने पर उसमें बदलाव करने का अधिकार होगा।

सीबीएफसी ने निर्माताओं को फिल्म की तय रिलीज तारीख से काफी पहले प्रमाणन के लिए आवेदन करने की सलाह दी है। बोर्ड ने कहा है कि निर्माताओं की ओर से पहले घोषित रिलीज तारीख का प्रमाणन प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ेगा। फिल्म को नियमों के अनुसार ही प्रमाणपत्र दिया जाएगा। यदि ऐन वक्त पर आवेदन करने या जरूरी बदलावों के चलते फिल्म की रिलीज टलती है, तो इसके लिए निर्माता खुद जिम्मेदार होंगे। यानी रिलीज की तारीख घोषित कर देने भर से सेंसर बोर्ड पर जल्द प्रमाणपत्र देने का दबाव नहीं बनाया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags