धन्वंतरि जयंती समारोह में आयुर्वेद के चिकित्सक और पत्रकार सम्मानित

युगवार्ता    02-Nov-2026
Total Views |
धन्वंतरि जयंती समारोह के दौरान मौजूद


नई दिल्ली, 02 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित एनडीएमसी सभागार में सोमवार को इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए-आयुष) ने अपने 40वें वार्षिकोत्सव और भगवान धन्वंतरि जयंती समारोह के दौरान आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले देशभर के चिकित्सकों और पत्रकारों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर कई श्रेणियों में प्रतिष्ठित अवार्ड दिए गए। इनमें आयुर्वेद चिकित्सा में उल्लेखनीय योगदान के लिए कई विशिष्ट पुरस्कारों में धन्वंतरि पुरस्कार तिब्बिया कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. केके सिजोरिया और डाबर इंडिया लिमिटेड के मार्केटिंग डायरेक्टर डॉ. दुर्गा प्रसाद, सुश्रुत एवं चरक पुरस्कार में से झज्जर के डॉ. शुभम सैनी को 'सुश्रुत अवार्ड' तथा सोनीपत (एमएसएम इंस्टिट्यूट ऑफ आयुर्वेद) की एचओडी डॉ. वीना हिमांशु शर्मा को 'चरक अवार्ड', लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड संस्था के हित में सराहनीय कार्य के लिए डॉ. चंद्रशेखर भारद्वाज शामिल हैं। इसके अलावा मेमोरियल एवं एप्रिसिएशन अवार्ड में से मेमोरियल अवार्ड डॉ. जेएस पंवार, डॉ. मुनीश गुलाटी (दिल्ली) और डॉ. हरि शंकर देव शर्मा, डॉ. विजेंद्र पाल सिंघला (फरीदाबाद) को मिला जबकि अपने जीवन में 86 बार रक्तदान करने वाले डॉ. पुरुषोत्तम पालीवाल, डॉ. फमीदा कौशर और डॉ. आयशा परवीन को एप्रिसिएशन अवार्ड से नवाजा गया। कार्यक्रम में हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश से आए चिकित्सकों को भी सम्मानित किया गया।

आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले मीडियाकर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें सर्जना शर्मा, आयुष मंत्रालय के मीडिया प्रभारी गौरव शर्मा, अशोक किंकर, कृष्ण कुमार तिवारी, मीना कुमारी जांगिड़ (आईसीएआर), प्रहलाद राजपूत, अजीत सिंह, अक्षीव ठाकुर, हिमांशु पांडे, वीरेंद्र कुमार गुप्ता, विशाल मिश्रा, सुभाष चन्द्र, अभि सिंघल और गुरविंदर सिंह को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव डॉ. रमन खन्ना ने संस्था की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और 'सुर झंकार ग्रुप' ने श्री गणेश वंदना और 'समुद्र मंथन' नाटक की प्रस्तुति दी। वहीं, महिला चिकित्सकों ने भगवान धन्वंतरि की वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में संस्था की वार्षिक स्मारिका का विमोचन किया गया, जिसमें मुख्य संपादक डॉ. लव कुमार, डॉ. राजीव मल्होत्रा, डॉ. मो. अशद, डॉ. शैलेश द्विवेदी, डॉ. के.के. सिंघल और डॉ. जितेन्द्र गौड़ का अहम योगदान रहा।

इस मौके पर अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) के निदेशक डॉ. पीके प्रजापति, आईएमए-आयुष के मीडिया प्रभारी एवं विधि सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. रामफल पांचाल, एनसीआईएसएम के बोर्ड ऑफ एथिक्स और रजिस्ट्रेशन के अध्यक्ष डॉ. सुश्रुत कन्नौजिया, विधि सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. रामफल पांचाल, लाल बहादुर शास्त्री संस्कृत महाविद्यालय के उप कुलपति मुरली मनोहर पाठक, संस्था के संरक्षक डॉ. आरएस चौहान, राष्ट्रीय पत्रकार संघ के अध्यक्ष राकेश थपलियाल, दिल्ली राज्य अध्यक्ष डॉ. अरुण कटारिया उपस्थित रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags