
दुबई, 02 नवंबर (हि.स.)। अफगानिस्तान ने आईसीसी पुरुष एकदिवसीय टीम रैंकिंग में श्रीलंका को पीछे छोड़ते हुए छठा स्थान हासिल कर लिया है। यह एकदिवसीय रैंकिंग में अफगानिस्तान की अब तक की सर्वश्रेष्ठ स्थिति है।
अफगानिस्तान ने 2009 में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद से लगातार प्रगति की है। टीम ने 2023 में आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप में पाकिस्तान और श्रीलंका को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2024 में पहली बार आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई। अफगानिस्तान ने अब तक 191 एकदिवसीय मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 96 में जीत दर्ज की है। इस प्रारूप में उसका जीत-हार अनुपात 1.09 है।
अफगानिस्तान पहले ही बांग्लादेश, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज जैसी अनुभवी टीमों से आगे था। अब श्रीलंका को पीछे छोड़कर उसने रैंकिंग में छठा स्थान हासिल कर लिया है। टीम की हालिया सफलताओं में आयरलैंड के खिलाफ उसकी धरती पर चार मैचों की श्रृंखला में 4-0 से जीत और जिम्बाब्वे तथा बांग्लादेश के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई त्रिकोणीय श्रृंखला में अपराजित रहना शामिल है।
अफगानिस्तान ने हाल ही में टी-20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में भी जिम्बाब्वे का सूपड़ा साफ किया है। अब टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलने के लिए तैयार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे