मप्र के इंदौर में मानव तस्करी के खिलाफ नारीवादी न्याय और अंतरराष्ट्रीय प्रयासों पर दो दिवसीय सम्मेलन शनिवार से

युगवार्ता    20-Nov-2026
Total Views |
श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय, इंदौर (भवन की तस्वीर)


- देश-विदेश के शिक्षाविद्, विशेषज्ञ और सामाजिक क्षेत्र के प्रतिनिधि करेंगे विचार-विमर्श

इंदौर, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक समस्या के समाधान, पीड़ितों को न्याय दिलाने तथा इस दिशा में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 21 एवं 22 नवंबर 2026 को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

जनसम्पर्क अधिकारी पुष्पेन्द्र वास्कले ने शुक्रवार को बताया कि 'आशा पारस फॉर पीस एंड हार्मनी फाउंडेशन' और श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय, इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस सम्मेलन का विषय“रीइमेजिनिंग जस्टिस: फेमिनिस्ट प्रैक्टिसेज, इंटरसेक्शनैलिटी एंड ट्रांसनेशनल रिस्पॉन्स टू ह्यूमन ट्रैफिकिंग” है। सम्मेलन में नारीवादी दृष्टिकोण, अंतर्संबंधों तथा मानव तस्करी के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय प्रयासों पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे। आयोजन में 'मदर्स मूवमेंट' सहित कई अंतर्राष्ट्रीय संगठन भी सहभागी हैं।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। अरुणाचल प्रदेश स्थित इंदिरा गांधी टेक्नोलॉजिकल एंड मेडिकल साइंसेज यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. मार्कंडेय राय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। मध्य प्रदेश खाद्य आयोग, भोपाल के अध्यक्ष प्रो. बीके मल्होत्रा मुख्य वक्ता होंगे। श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय के चांसलर पुरुषोत्तमदास पसारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्व कुलपति प्रो. आशा शुक्ला करेंगी। कुलपति प्रो. योगेश चंद्र गोस्वामी सह-अध्यक्ष तथा निदेशक प्रो. आर. के. शुक्ला स्वागत अध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने बताया कि उद्घाटन अवसर पर प्रो. आशा शुक्ला द्वारा लिखित पुस्तकों तथा सम्मेलन स्मारिका का विमोचन किया जाएगा। साथ ही, 'आशा पारस फॉर पीस एंड हार्मनी फाउंडेशन' और श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय के बीच अकादमिक सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर भी किए जाएंगे।

सम्मेलन के दौरान पांच प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को विभिन्न स्मृति सम्मानों से सम्मानित किया जाएगा। डॉ. पी. एम. नायर, आईपीएस (सेवानिवृत्त) को 'आनंद स्वरूप मिश्र स्मृति सम्मान' (लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड) प्रदान किया जाएगा। डॉ. शिशिर पंडित को 'शिव शंकर शुक्ल स्मृति सम्मान', एडवोकेट संगीता मोहरी को 'न्यायमूर्ति ए. एस. अलावा स्मृति सम्मान', डॉ. कमलवेणी को 'सत्यवती शुक्ल स्मृति सम्मान' तथा राजेश मणि को 'गायत्री राय स्मृति सम्मान' से सम्मानित किया जाएगा।

सम्मेलन के दूसरे दिन 22 नवंबर को तीन समानांतर तकनीकी सत्रों में कुल 55 शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। इन सत्रों की अध्यक्षता एवं सह-अध्यक्षता देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिक्षाविद् और विषय विशेषज्ञ करेंगे। इनमें महाराष्ट्र की प्रो. शोभा शिंदे, महू की डॉ. मनीषा सक्सेना, मध्य प्रदेश के प्रो. आर. के. शुक्ल, इंदौर की डॉ. वर्षा उपाध्याय तथा हैदराबाद के प्रो. सुरेश पांडेय और डॉ. रूपा शिंदे शामिल हैं।

प्लेनरी सत्र की अध्यक्षता दिल्ली की प्रो. पामेला सिंगला करेंगी तथा तमिलनाडु की डॉ. कमलवेणी सह-अध्यक्ष होंगी। इस सत्र में चेन्नई के आईपीएस डॉ. पी. एम. नायर, गोरखपुर के राजेश मणि, अफ्रीका के डॉ. आयो अलुने अमेले तथा हैदराबाद के डॉ. सुरेश पांडेय विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। डॉ. शाजिया मलिक सत्र की रिपोर्टर होंगी। इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags