एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी लगातार छठी बार बने एसजीपीसी के प्रधान

युगवार्ता    20-Nov-2026
Total Views |
हरजिंदर सिंह धामी


-अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने दी नई कमेटी को बधाई

चंडीगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के वार्षिक चुनाव में शुक्रवार को मौजूदा प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी को लगातार छठी बार अध्यक्ष चुन लिया गया। अमृतसर स्थित एसजीपीसी मुख्यालय के तेजा सिंह समुंद्री हॉल में हुए चुनाव में धामी के नाम पर सर्वसम्मति बनी।

एसजीपीसी के कुल 190 सदस्यीय सदन में इस बार केवल 138 सदस्यों को मतदान का अधिकार था। पांच सिंह साहिबान को वोट डालने का अधिकार नहीं था। वहीं, 39 सदस्यों की मृत्यु, पांच के इस्तीफे और तीन सदस्यों पर सदन की बैठक में शामिल होने की रोक के कारण 47 सदस्य चुनाव प्रक्रिया से बाहर रहे। इसके बावजूद धामी के नाम पर सर्वसम्मति बन गई।

चुनाव से पहले प्रधान पद के उम्मीदवार का चयन करने का अधिकार शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को सौंपा गया था। पिछले कुछ दिनों से चर्चा थी कि हाल ही में अकाली दल में शामिल हुई बीबी जागीर कौर को इस बार एसजीपीसी का प्रधान बनाया जा सकता है। हालांकि, उनके नाम पर सहमति नहीं बन सकी और अंतिम समय में एक बार फिर हरजिंदर सिंह धामी को अध्यक्ष चुन लिया गया।

धामी के अलावा रघुजीत सिंह विर्क को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, गुरबख्श सिंह खालसा को कनिष्ठ उपाध्यक्ष और गुरप्रीत सिंह झब्बर को महासचिव चुना गया। इसके साथ ही कार्यकारिणी समिति के 11 सदस्यों का भी चुनाव हुआ, जिनमें दो महिला सदस्य शामिल हैं।

इस बीच अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गडग़ज ने हरजिंदर सिंह धामी को दोबारा प्रधान चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने गुरु साहिब के चरणों में अरदास की कि सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों पर मेहर बनी रहे, ताकि वे सिख कौम के सामने आने वाली चुनौतियों का मिलकर मुकाबला कर सकें और कौम की चढ़दी कला के लिए पहले की तरह आगे भी तत्पर रहें।

चुनाव से पहले करीब 20 मिनट तक चली बैठक में प्रधान पद के उम्मीदवार को लेकर चर्चा हुई। सदस्यों ने अपनी राय रखी और सर्वसम्मति से उम्मीदवार का चयन करने का अधिकार सुखबीर सिंह बादल को सौंप दिया। इसके बाद धामी के नाम पर सहमति बनी और उन्हें लगातार छठी बार एसजीपीसी की कमान सौंपी गई।----------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Tags