युवा सोमनाथ यात्रा को शेखावत ने दिखाई हरी झंडी, 1100 से अधिक विद्यार्थी रवाना

युगवार्ता    20-Nov-2026
Total Views |
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को सफदरजंग रेलवे स्टेशन से ‘युवा सोमनाथ यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को सफदरजंग रेलवे स्टेशन से ‘युवा सोमनाथ यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत आयोजित इस विशेष यात्रा में विभिन्न कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों के 1100 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को भारत की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।

इस अवसर पर शेखावत ने कहा कि एक हजार वर्षों में बार-बार हुए आक्रमणों के बावजूद सोमनाथ मंदिर आज भी भारत की सांस्कृतिक विरासत और आस्था का प्रतीक बनकर खड़ा है। पूर्व की पीढ़ियों ने अपनी आस्था के साथ देश की समृद्ध परंपराओं और विरासत की भी रक्षा की। सोमनाथ का इतिहास भारत की आस्था, संघर्ष क्षमता और सांस्कृतिक निरंतरता को दर्शाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यह सामान्य यात्रा नहीं, बल्कि भारत के संघर्ष और गौरवशाली इतिहास को समझने का अवसर है। युवाओं को देश की बौद्धिक संपदा, स्थापत्य कला और सांस्कृतिक उपलब्धियों पर गर्व करना चाहिए।

संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त सचिव समर नंदा ने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत अब तक 17 राज्यों के 35 हजार से अधिक श्रद्धालु सोमनाथ महादेव के दर्शन कर चुके हैं। 11 मई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ भी मनाई गई थी।

यात्रा की शुरुआत से पहले रेलवे स्टेशन पर साधो बैंड ने भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी। वहीं, एनसीसी की महिला कैडेटों ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। इससे स्टेशन पर आध्यात्मिक और उत्साहपूर्ण माहौल बना।

यह विशेष ट्रेन 20 से 25 नवंबर तक सफदरजंग रेलवे स्टेशन से गुजरात के वेरावल जंक्शन तक चलेगी। वहां से विद्यार्थी सोमनाथ मंदिर पहुंचकर उसके ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व को करीब से जानेंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags