श्रीलंका दौरे के लिए ऑस्ट्रेलियाई वनडे टीम में चार्ली नॉट और अनिका लियरॉयड को पहली बार मौका

युगवार्ता    20-Nov-2026
Total Views |
ऑस्ट्रेलिया की उभरती हुई खिलाड़ी चार्ली नॉट


सिडनी, 20 नवंबर (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया की उभरती हुई खिलाड़ी चार्ली नॉट और अनिका लियरॉयड को अगले महीने श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए पहली बार राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। दोनों खिलाड़ियों के ऑस्ट्रेलिया की ओर से वनडे में पदार्पण करने की संभावना है। हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण एनाबेल सदरलैंड इस दौरे से बाहर हो गई हैं।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को श्रीलंका दौरे के लिए 14 सदस्यीय टीम की घोषणा की। ऑलराउंडर निकोला कैरी भी पारिवारिक अवकाश के कारण दौरे पर नहीं जाएंगी।

सदरलैंड पिछले सप्ताह दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग टेंडन में चोट के कारण वीबर महिला बिग बैश लीग के शेष मुकाबलों से बाहर हो गई थीं। वह 2027 की व्यस्त शुरुआत से पहले अपना पुनर्वास जारी रखने के लिए ऑस्ट्रेलिया में ही रहेंगी।

तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन को भी कमर में डिस्क की चोट से उबरने में लंबा समय लग सकता है। उन्हें इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियाई टीम से बाहर कर दिया गया था।

सदरलैंड और कैरी की अनुपस्थिति में चयनकर्ताओं ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए चार्ली नॉट और अनिका लियरॉयड को मौका दिया है। दोनों ने पिछले 12 महीनों में घरेलू क्रिकेट और ऑस्ट्रेलिया ए की ओर से शानदार प्रदर्शन किया है। कैरी ने नवंबर की शुरुआत में अपनी साथी एलिस विलानी के साथ बेटे लुईस जेम्स का स्वागत किया था।

राष्ट्रीय चयनकर्ता शॉन फ्लेगलर ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपने खेल को अगले स्तर तक पहुंचाया है और इसी वजह से उन्हें टीम में जगह मिली है।

उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के हवाले से कहा, दोनों कुछ समय से हमारी नजर में थीं। महिला बिग बैश लीग और कुछ महीने पहले भारत के ऑस्ट्रेलिया ए दौरे में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। ऐसा लगता है कि दोनों अपने खेल को अगले स्तर तक ले जा रही हैं। वे उसी अंदाज में खेल रही हैं, जिस तरह हम सीनियर स्तर पर खेलना चाहते हैं। हमें लगता है कि सीनियर टीम के साथ दौरे का अनुभव हासिल करने का यह उनके लिए अच्छा अवसर है।

क्वींसलैंड और हीट की 23 वर्षीय ऑलराउंडर नॉट ने इसी महीने बिग बैश लीग में अपना पहला शतक लगाया था। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड की काउंटी क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया था। नॉट ने नॉटिंघम की टीम ब्लेज की ओर से खेलते हुए 404 रन बनाए, जो लीग में तीसरा सर्वाधिक स्कोर था। इसके अलावा वह 27 विकेट लेकर टूर्नामेंट में सबसे अधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज भी रहीं।

नॉट पिछले कुछ वर्षों से एकदिवसीय घरेलू क्रिकेट में क्वींसलैंड के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करती रही हैं। उन्होंने इस दौरान 727 रन बनाने के साथ 25 विकेट भी लिए हैं। इससे पहले 2025 की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए उन्हें ऑस्ट्रेलियाई टीम में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया था।

दाएं हाथ की बल्लेबाज 24 वर्षीय अनिका लियरॉयड न्यू साउथ वेल्स के लिए तीसरे नंबर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करती रही हैं। उन्होंने महिला राष्ट्रीय क्रिकेट लीग के पिछले दो सत्रों में दो शतकों सहित 844 रन बनाए हैं।

हाल ही में भारत दौरे पर गई ऑस्ट्रेलिया ए टीम के टी20 चरण में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा। तीन मैचों की श्रृंखला में उन्होंने 153 के स्ट्राइक रेट से 118 रन बनाए। इस प्रदर्शन के बाद उन्हें महिला बिग बैश लीग के मौजूदा सत्र में थंडर की ओर से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी का मौका मिला। पिछले सप्ताह पर्थ स्कॉर्चर्स के खिलाफ उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ 53 रन का स्कोर बनाया।

फ्लेगलर ने कहा, दोनों अच्छी एथलीट हैं और बल्लेबाजी में उनके पास अलग-अलग भूमिकाएं निभाने की क्षमता है। हमें उनका खेलने का अंदाज पसंद है।

उन्होंने नॉट के बारे में कहा, वह पारी की शुरुआत कर सकती हैं लेकिन मध्यक्रम में भी बल्लेबाजी कर सकती हैं। वह उपयोगी ऑफ स्पिन गेंदबाजी करती हैं और क्षेत्ररक्षण में भी बहुत अच्छी हैं।

अनिका के बारे में उन्होंने कहा, वह मुख्य रूप से मध्यक्रम की बल्लेबाज हैं। हमें उनका गेंद को जोर से मारने का अंदाज पसंद है। हम उन्हें मध्यक्रम और जरूरत पड़ने पर निचले क्रम में भी भूमिका निभाते हुए देख सकते हैं।

सदरलैंड की अनुपस्थिति से ऑस्ट्रेलियाई टीम के संयोजन में एक स्थान खाली हुआ है। दो बार बेलिंडा क्लार्क पुरस्कार जीत चुकीं सदरलैंड फिलहाल हैमस्ट्रिंग की चोट से परेशान हैं।

फ्लेगलर ने कहा, वह इस समय चोट से पूरी तरह उबर नहीं पा रही हैं। इसलिए हमने सोचा कि यह उन्हें कुछ समय तक मैचों से दूर रखकर पुनर्वास कराने का अच्छा अवसर है, ताकि क्रिसमस के बाद शुरू होने वाले व्यस्त कार्यक्रम के लिए वह पूरी तरह फिट हो सकें।

दक्षिण ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज ब्राउन की वापसी को लेकर स्थिति और चुनौतीपूर्ण है। फ्लेगलर के अनुसार, वह इस समय मुश्किल दौर से गुजर रही हैं।

उन्होंने कहा, उन्होंने दोबारा दौड़ना शुरू कर दिया है लेकिन दुर्भाग्य से उन्हें मैदान पर वापसी में अभी समय लगेगा। फिलहाल हमें इंतजार करना होगा। उनकी पीठ की चोट ठीक होने में उम्मीद से अधिक समय लग रहा है और हम उन्हें जल्दबाजी में वापस नहीं लाना चाहते। हम पूरी प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ेंगे और उम्मीद है कि उनकी स्थिति में लगातार सुधार होगा। हम कोई जोखिम नहीं लेना चाहते क्योंकि वह अभी युवा तेज गेंदबाज हैं और हम चाहते हैं कि वह लंबे समय तक खेलने के लिए पूरी तरह फिट हों।

फ्लेगलर ने सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वोल का भी समर्थन किया। महिला बिग बैश लीग के मौजूदा सत्र में उनका प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। इस सत्र की सात पारियों में से पांच में वह दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकी हैं।

फ्लेगलर ने कहा, उन्होंने पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छा प्रदर्शन करके अपना भरोसा कायम किया है। हम उनसे अधिक रन बनते देखना चाहेंगे और मुझे पता है कि वह इसके लिए पर्दे के पीछे कड़ी मेहनत कर रही हैं। वह निश्चित रूप से श्रीलंका में खेलेंगी। यह देखना भी अच्छा है कि खिलाड़ियों पर जगह बनाए रखने का दबाव है। लंबे समय से हमारी टीम की एक ताकत खिलाड़ियों के बीच स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा रही है और ऐसा ही होना चाहिए। चयनकर्ता के तौर पर हमारा प्रयास है कि टीम में हर स्थान के लिए ऐसी प्रतिस्पर्धा बनी रहे।

श्रीलंका के खिलाफ तीन एकदिवसीय मुकाबले आईसीसी महिला वनडे चैंपियनशिप का हिस्सा होंगे। हर चार साल में आयोजित होने वाली 11 टीमों की यह चैंपियनशिप 2029 के वनडे विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करने वाली टीमों का फैसला करती है। मेजबान टीम का फैसला अभी होना बाकी है।

श्रीलंका दौरे के साथ ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख खिलाड़ियों का व्यस्त कार्यक्रम भी शुरू हो जाएगा। ऑस्ट्रेलिया से अनुबंधित 11 खिलाड़ी जनवरी के मध्य में शुरू होने वाली महिला प्रीमियर लीग में हिस्सा लेंगी। वहीं, पहली टी20 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए चुनी गई खिलाड़ी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए भारत में ही रुकेंगी। चैंपियंस ट्रॉफी का कार्यक्रम अभी घोषित नहीं हुआ है लेकिन यह 28 फरवरी तक चलेगी।

इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम स्वदेश लौटकर 6 से 10 मार्च तक न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन एकदिवसीय मुकाबले खेलेगी। इसके बाद टीम दक्षिण अफ्रीका रवाना होगी, जहां बहु-प्रारूप श्रृंखला 18 अप्रैल को समाप्त होगी।

श्रीलंका दौरे का कार्यक्रम

- पहला वनडे : 15 दिसंबर, रंगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, दांबुला। ऑस्ट्रेलियाई पूर्वी मानक समय के अनुसार दोपहर 3:30 बजे (स्थानीय समय सुबह 10 बजे)।

- दूसरा वनडे : 18 दिसंबर, रंगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, दांबुला। ऑस्ट्रेलियाई पूर्वी मानक समय के अनुसार दोपहर 3:30 बजे (स्थानीय समय सुबह 10 बजे)।

- तीसरा वनडे : 20 दिसंबर, रंगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, दांबुला। ऑस्ट्रेलियाई पूर्वी मानक समय के अनुसार दोपहर 3:30 बजे (स्थानीय समय सुबह 10 बजे)।

ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम: सोफी मोलिन्यू (कप्तान), एश्ले गार्डनर (उपकप्तान), ताहलिया मैक्ग्रा (उपकप्तान), किम गर्थ, लूसी हैमिल्टन, अलाना किंग, चार्ली नॉट, अनिका लियरॉयड, फीबी लिचफील्ड, बेथ मूनी, एलिस पेरी, मेगन शट, जॉर्जिया वोल और जॉर्जिया वेयरहैम।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags