कौशाम्बी के दो क्रिकेट सितारों का भव्य सम्मान, 22.25 लाख में हुआ चयन

युगवार्ता    20-Nov-2026
Total Views |
चयनित खिलाड़ियो को मिठाई खिलाते डॉ अरुण केसरवानी


कौशांबी, 20 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले क्रिकेट खिलाड़ी लविश कौशल और जैद खान को शुक्रवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशाम्बी में सम्मानित किया गया।

दोनों खिलाड़ियों का चयन इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (आईएसपीएल) के चौथे सीजन में हुआ है। नीलामी में लविश को 17 लाख और जैद को 5.25 लाख रुपये में टीमों ने खरीदा। दोनों खिलाड़ियों पर कुल 22.25 लाख रुपये की बोली लगी थी।

लविश कौशल को अभिनेता अक्षय कुमार की फ्रेंचाइजी श्रीनगर के वीर ने, जबकि जैद खान को अभिनेता ऋतिक रोशन की फ्रेंचाइजी बेंगलुरु स्ट्राइकर्स ने अपनी टीम में शामिल किया है। सम्मान समारोह में क्रिकेट कोच कौशिक पाल ने युवा खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां, तकनीक और अनुशासन के महत्व की जानकारी दी।

लविश कौशल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कामयाबी के लिए वर्षों तक मेहनत करनी पड़ती है। युवाओं को लगातार अभ्यास करते रहना चाहिए। वहीं, जैद खान ने चोट के कारण अपने क्रिकेट सफर में आई चुनौतियों का जिक्र करते हुए खिलाड़ियों को फिटनेस और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने अनुशासन और नियमित अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया।

इस दौरान कोच संदीप ने बच्चों को मिठाई और फल वितरित किए। कार्यक्रम के अंत में ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. अरुण केशरवानी ने सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की लीग में चयन पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। ऐसे आयोजन से जिले की छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Tags