
मुंबई, 20 नवंबर (हि.स.)। समाज में हर व्यक्ति को उसकी पहचान के साथ सम्मान और समान अधिकार मिलने चाहिए। इसी विचार को अपनी कहानी के जरिए सामने लाने वाली मराठी फिल्म 'बाप्या' का चयन 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई), गोवा के इंडियन पैनोरमा में हुआ है। निर्देशक समीर तिवारी की यह फिल्म मुख्यधारा सिनेमा श्रेणी में शामिल की गई है। फिल्म का चयन ऐसे समय में हुआ है, जब मुंबई हाईकोर्ट में थर्ड जेंडर समुदाय के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था जैसी पहल भी चर्चा में है। ये घटनाएं समाज में समावेशिता और समानता को लेकर बढ़ती जागरूकता की ओर इशारा करती हैं।
निर्देशक समीर तिवारी हाल ही में किसी निजी काम से बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंचे थे। वहां उनकी नजर थर्ड जेंडर समुदाय के लिए बनाए गए अलग शौचालय पर पड़ी। उनके अनुसार, यह केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि समुदाय की पहचान और सम्मान को स्वीकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनका मानना है कि ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मान देना कोई नया विचार नहीं है, बल्कि भारतीय परंपरा और इतिहास में भी इस समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसी सोच को 'बाप्या' अपनी कहानी के माध्यम से आगे बढ़ाती है। फिल्म व्यक्तिगत पहचान, पसंद और प्रेम को सामाजिक रूढ़ियों से ऊपर रखने की बात करती है। खास बात यह है कि गंभीर विषय होने के बावजूद फिल्म को कॉमेडी, ड्रामा और प्रेम कहानी के जरिए मनोरंजक अंदाज में पेश किया गया है।
'बाप्या' अब तक दुनियाभर के 25 फिल्म समारोहों में चयनित हो चुकी है और 17 पुरस्कार जीतने के साथ 22 नामांकन भी हासिल कर चुकी है। जनवरी 2026 में पुणे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (पीआईएफएफ) में इसे संत तुकाराम पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। आईएफएफआई में चयन पर निर्देशक ने इंडियन पैनोरमा की चयन समिति और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के प्रति आभार जताया है। फिल्म अब अमेजन प्राइम वीडियो पर भी उपलब्ध है। इसकी टैगलाइन 'बाप्या, बघितलंत का?' यानी 'बाप्या, देखा क्या?' दर्शकों को फिल्म देखने के साथ उसके सामाजिक संदेश पर विचार करने का मौका देती है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे