स्वास्थ्य सेवाओं में भाषा की बाधा दूर करेगी बहुभाषी एआई तकनीक, एम्स और जिपमर ने दिखाए इस्तेमाल के तरीके

युगवार्ता    21-Nov-2026
Total Views |
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ग्लोबल डिजिटल हेल्थ समिट 2026 में बहुभाषी एआई तकनीक का प्रदर्शन के दौरान प्रतिनिधि।


नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। देश के अस्पतालों में डॉक्टरों और मरीजों के बीच भाषा की बाधा दूर करने के लिए बहुभाषी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके जरिए डॉक्टर मरीजों से उनकी भाषा में बातचीत कर सकेंगे और आवाज के माध्यम से मेडिकल रिकॉर्ड, पर्चे तथा डिस्चार्ज निर्देश तैयार कर सकेंगे। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पुद्दुचेरी स्थित जवाहरलाल स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (जिपमर) और सेना के चिकित्सा सेवा महानिदेशालय ने इस तकनीक के इस्तेमाल का प्रदर्शन किया है।

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग ने 20 एवं 21 नवंबर को यहां भारत मंडपम में आयोजित ग्लोबल डिजिटल हेल्थ समिट 2026 में अपनी बहुभाषी एआई तकनीक का प्रदर्शन किया। समिट की थीम 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का कार्यान्वयन-एआई इन एक्शन' रखी गई थी। इसमें भाषिणी ने अपने संस्थागत सहयोगियों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में भाषा प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल को प्रदर्शित किया।

जिपमर में ई-भाषिणी को ई-सुश्रुत अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) से जोड़ा गया है। इससे डॉक्टर आवाज के जरिए मरीजों की बीमारी का इतिहास, आईपीडी नोट्स और डिस्चार्ज निर्देश दर्ज कर सकते हैं। एम्स में भाषिणी की स्पीच टेक्नोलॉजी के जरिए अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले डॉक्टरों और मरीजों के बीच संवाद का प्रदर्शन किया गया।

सेना के चिकित्सा सेवा महानिदेशालय ने धन्वंतरि प्रणाली में इस तकनीक का इस्तेमाल दिखाया। इसके तहत डॉक्टरों की बोली गई चिकित्सकीय टिप्पणियों को टाइप किए गए पाठ में बदला जाता है। इससे मेडिकल दस्तावेज तैयार करने में लगने वाला समय कम करने और मरीजों के साथ उनकी पसंद की भाषा में संवाद करने में मदद मिल सकती है।

सम्मेलन के दौरान भाषिणी की श्रुतलेख सुविधा का भी प्रदर्शन किया गया। इसके जरिए अलग-अलग भाषाओं में वास्तविक समय में बोली गई बातों को लिखित रूप में दर्ज करने और उनका अनुवाद करने की सुविधा मिलती है। इसके अलावा भाषिणी मोबाइल एप, डेटा दान और ग्रंथिका मंच को भी प्रदर्शित किया गया। डेटा दान के जरिए भारतीय भाषाओं से जुड़े आंकड़े जुटाने में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा दिया जाता है। वहीं ग्रंथिका लिखित और मौखिक भाषा संसाधनों को एकत्र करने तथा डिजिटल रूप देने का मंच है।

एम्स के कंप्यूटर सुविधा प्रभारी डॉ. विवेक टंडन के अनुसार एम्स नई दिल्ली ने भाषिणी की स्पीच-टू-टेक्स्ट सुविधा को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के ई-हॉस्पिटल प्रिस्क्रिप्शन मॉड्यूल से जोड़ा है। इससे डॉक्टर बोलकर पर्चे तैयार कर सकते हैं। न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी विभागों में इसके परीक्षण के दौरान डॉक्टरों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। अब इसे संस्थान के अन्य विभागों में भी लागू किया जा रहा है।

जिपमर के उप निदेशक (आईटी विंग) और डीएमएस डॉ. आनंद एके अनुसार इस सुविधा से डॉक्टर अंग्रेजी या समर्थित भारतीय भाषाओं में बोलकर मरीजों की केस हिस्ट्री, वार्ड में भर्ती मरीजों के नोट्स और डिस्चार्ज निर्देश दर्ज कर सकते हैं। इससे चिकित्सकीय दस्तावेज तैयार करने का बोझ कम करने में मदद मिलेगी।

सेना के चिकित्सा सेवा महानिदेशालय के एडीजीएमएस (आईएस, एच और पीएस) मेजर जनरल संदीप भल्ला ने कहा कि सेना के अस्पतालों में देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले मरीजों और उनके परिवारों को उनकी भाषा में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है। भाषिणी की स्पीच-टू-टेक्स्ट तकनीक से डॉक्टरों का समय बचेगा और मरीज अपनी भाषा में परेशानी बता सकेंगे।

डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ नाग ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में भाषा को बाधा नहीं बनने देना चाहिए। एम्स, जिपमर और सेना के चिकित्सा सेवा महानिदेशालय के साथ काम से यह दिखा है कि बहुभाषी एआई तकनीक को मरीजों के दस्तावेजीकरण और चिकित्सकीय कार्यप्रणाली में शामिल किया जा सकता है।

मंत्रालय के अनुसार भाषिणी 36 भारतीय लिखित भाषाओं, 23 भारतीय वाणी भाषाओं और 35 अंतरराष्ट्रीय भाषाओं को समर्थन देती है। इसके मंच पर अब तक 11 अरब से अधिक इनफरेंस दर्ज किए गए हैं और प्रतिदिन करीब 2.4 करोड़ इनफरेंस संसाधित किए जा रहे हैं। इसकी तकनीक में अनुवाद, वाणी पहचान, वाणी संश्लेषण और लिप्यंतरण जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags