

लखनऊ, 21 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश के छात्र ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य हैं। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) हो या औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), संस्थानों में पढ़ने वाले युवा देश की असली संपत्ति हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका बेहद अहम है।
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने देशभर के युवाओं को संबोधित किया और कौशल विकास को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जिस उत्साह और उम्मीदों के साथ वह आईआईटी के छात्रों के बीच पहुंचे थे, उसी ऊर्जा और जोश के साथ आईटीआई के विद्यार्थियों के बीच आए हैं। उन्होंने कहा कि चाहे आईआईटी हो या आईटीआई हो, मेरे लिए तो यही मेरे देश की अमानत है। यही मेरे देश का सामर्थ्य है और यही मेरे देश का भविष्य है। आईटीआई में पढ़ते हुए जो आपने हुनर सीखा है, वो अब विकसित भारत की बड़ी ऊर्जा है।
उन्होंने कहा कि जब हमारे देश में आक्रमणकारी आए, तब हमारा राष्ट्र एक स्वर्णिम युग से गुजर रहा था और पूरी दुनिया के लिए आकर्षण और ईर्ष्या का केंद्र था। जब वे भारत आए, तो उन्होंने सबसे पहले हमारी कारीगरी और कौशल पर प्रहार किया। बाद में अंग्रेज आए और उन्होंने तरीका बदल दिया। एक ऐसी शिक्षा प्रणाली थोपी, जिसमें हमारी कौशल-आधारित व्यवस्था सिमटकर केवल कागजी काम करने वाले क्लर्क तैयार करने तक रह गई। अंग्रेजों ने भी भारत में कौशल को तबाह करके अपने यहां इंडस्ट्री को आगे बढ़ाया। यहां से सारी चीजें ले गए और समय के साथ अंग्रेजों के कागजी काम को सम्मान के साथ देखा जाने लगा। हमारे समाज की स्थिति ऐसी है कि अगर कोई बच्चा आईटीआई में दाखिल लेता है तो उसके मां-बाप रिश्तेदारों को बताते नहीं हैं, ऐसी परिस्थिति पैदा हो गई, लेकिन मैंने ठान लिया है कि मुझे इस परिस्थिति को बदलना है। जितना सम्मान आईआईटी के लोगों को होगा, उतना ही सम्मान मेरे आईटीआई के बच्चों का भी होगा। आज भारत, विश्व की स्किल कैपिटल बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत जिस तेजी से विकास कर रहा है उससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब आप कोई हुनर सीखते हैं, तो आप केवल मशीनों पर काम नहीं करते। आप लोगों की जिंदगी को आसान बनाते हैं। आप देश का सामर्थ्य बढ़ाते हैं। मैं देश के हर युवा से कहता हूं कि आपके सामने इस समय पूरा आसमान है…बड़े सपने देखिए, अपने कौशल का विकास करिए और अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा दीजिए। आज भारत, विश्व की कौशल राजधानी बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है। आप लोग उसके केंद्र में है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए एक खुशखबरी है कि अगले साल 2027 में भारत वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करने वाला है। दुनिया के एशिया के नौजवान यहां आने वाले हैं। ये आयोजन 2027 में उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा। दुनिया के अनेक देशों के युवाओं की मेजबानी उत्तर प्रदेश करने वाला है। मैं उत्तर प्रदेश को इसकी भी अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं।
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने देश के 52 ऑल इंडिया टॉपर्स को सम्मानित किया। इनके अलावा 4,200 प्रशिक्षुओं और 209 प्रशिक्षकों को भी सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों की उपलब्धियों को सराहा गया।
समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नए भारत के शिल्पकार हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में तेजी से विकास हुआ है। कौशल विकास योजना से युवाओं को नई दिशा, प्रेरणा मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में सबसे ज्यादा युवा यूपी में है। उत्तर प्रदेश में 17 लाख से ज्यादा लोगों को इस योजना से ट्रेनिंग मिली। 150 से ज्यादा आईटीआई को नई तकनीक से जोड़ा। आधुनिक समय की मांग के मुताबिक प्रशिक्षण दिया।
वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए हमें कौशल विकास का काम करना होगा। उन्होंने कहा कि जब कोई युवा अपने तकनीकी कौशल के बल पर कोई माडर्न इन्टरप्राइजेज शुरू करता है, तो वह केवल स्वयं रोजगार प्राप्त नहीं करता, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करता है। आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को हासिल करने में योगदान देता है। कौशल विकास केवल आत्मनिर्भर बनाने तक ही नहीं बल्कि यह राष्ट्र निर्माण व राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि हम सब इस बात से सहमत होंगे कि किसी भी देश की आर्थिक शक्ति केवल उसके संसाधनों, पूंजी या तकनीकी क्षेत्र में विकास से ही तय नहीं होती, उसकी असली शक्ति उसके नागरिकों की क्षमताओं और उनके कौशल में भी निहित होती है। इस क्षमता को विकसित करने के लिए, पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक मजबूत स्किल डेवलपमेंट इकोसिस्टम का निर्माण किया गया है। हमारी परंपरा ने हमें सिखाया कि ज्ञान व्यक्ति को समझ देता है, कौशल उसे सामर्थ्य देता है और दोनों का समन्वय उसे आत्मनिर्भर बनाता है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन