वेलिंगटन टेस्ट का तीसरा दिनः केएल राहुल के साथ दिन की शुरुआत अच्छी करना महत्वपूर्ण था: पडिक्कल

युगवार्ता    21-Nov-2026
Total Views |
देवदत्त पडिक्कल


वेलिंगटन, 21 नवंबर (हि.स.)। भारतीय बाएं हाथ के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी पहले टेस्ट के तीसरे दिन सुबह का पहला सत्र बिना विकेट गंवाए निकालना उनके और केएल राहुल के बीच 165 रन की साझेदारी की सबसे बड़ी वजह रहा।

तीसरे दिन सुबह भारत ने एक विकेट पर 159 रन से आगे खेलना शुरू किया। कर्नाटक के दोनों बल्लेबाज राहुल और पडिक्कल ने सुबह के सत्र में बिना कोई विकेट गंवाए बल्लेबाजी की। न्यूजीलैंड में अपने पहले टेस्ट की पहली पारी खेल रहे पडिक्कल ने 175 गेंदों पर 80 रन बनाए, जबकि राहुल ने 290 गेंदों पर 136 रन की पारी खेली। भारत ने दिन का खेल समाप्त होने तक चार विकेट पर 486 रन बना लिए थे और उसकी कुल बढ़त 118 रन की हो गई थी।

दिन का खेल समाप्त होने के बाद प्रसारणकर्ताओं से बातचीत में पडिक्कल ने कहा, “हां, यह अच्छा रहा। कुछ रन बनाना हमेशा शानदार होता है। मुझे लगता है कि मेरे और केएल के लिए दिन की शुरुआत अच्छी करना महत्वपूर्ण था। यह जरूरी था कि हम उन्हें मैच में वापसी का मौका न दें। मुझे लगता है कि आज हमने यह काम काफी अच्छी तरह किया।

उन्होंने कहा, “हमारे लिए पहला सत्र निकालना महत्वपूर्ण था। अगर वे शुरुआती समय में दो विकेट लेने में सफल हो जाते, तो हमारी स्थिति थोड़ी मुश्किल हो सकती थी। लेकिन हमारी बातचीत यही थी कि हमें साझेदारी बनानी है और इसे जितना संभव हो सके, उतना लंबा आगे बढ़ाना है। जब हम ऐसा करने में सफल रहे तो इसके बाद हमारी बारी थी कि हम उन पर दबाव वापस डालें। मुझे लगता है कि हमने यह काम अच्छी तरह किया।”

पडिक्कल ने यह भी स्वीकार किया कि पिच के सपाट होने से भारतीय टीम को हैरानी हुई। उन्होंने कहा, “हां, निश्चित रूप से। मुझे लगता है कि हमने उम्मीद की थी कि विकेट पर काफी घास होगी। हमें गेंदों के काफी मूवमेंट की उम्मीद थी। लेकिन परिस्थितियां वैसी नहीं रहीं, जैसी हमने सोची थीं। पिच हमारी उम्मीद से कहीं ज्यादा सपाट रही। लेकिन इसके साथ यह भी महत्वपूर्ण है कि आप सामने मौजूद परिस्थितियों का सम्मान करें। मुझे लगता है कि हमारे लिए लगातार बड़े स्कोर बनाना जरूरी था। ड्रेसिंग रूम में भी इसी बारे में बातचीत हो रही है। हर कोई काफी आत्मविश्वास से भरा हुआ है। इस टेस्ट मैच में आने से पहले सभी ने काफी तैयारी की है और उसका असर भी दिखाई दे रहा है।”

न्यूजीलैंड के अपने पहले दौरे के बारे में पूछे जाने पर पडिक्कल ने कहा कि उन्हें बेसिन रिजर्व में खेलना काफी पसंद आया। उन्होंने कहा, “हां, यह शानदार मैदान है। न्यूजीलैंड में यह मेरा पहला दौरा है। मुझे यहां खेलकर और समय बिताकर बहुत अच्छा लगा। यहां क्रिकेट खेलने का अनुभव शानदार रहा। उम्मीद है कि हम आगे भी अच्छी क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे और जीत हासिल करेंगे।”

भारत ने क्या कोई खास लक्ष्य तय किया है, इस सवाल पर पडिक्कल ने कहा कि टीम का ध्यान एक-एक सत्र के हिसाब से बढ़त को आगे बढ़ाने पर है। उन्होंने कहा, “अभी नहीं। हम बहुत आगे के बारे में नहीं सोच रहे हैं। एक समय में एक सत्र पर ध्यान देना महत्वपूर्ण है। मुझे लगता है कि इस समय हम निश्चित रूप से बहुत अच्छी स्थिति में हैं। लेकिन यह जरूरी है कि हम अपनी बढ़त को जितना संभव हो सके, उतना आगे बढ़ाएं, ताकि उन पर और अधिक दबाव बना सकें।”

दिन का खेल समाप्त होने तक ऋषभ पंत 62 गेंदों पर 55 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि नाइटवॉचमैन अंशुल कंबोज ने अभी खाता नहीं खोला था। मैच में दो दिन का खेल बाकी है और न्यूजीलैंड की जीत की उम्मीदें बेहद कम नजर आ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags