
हरिद्वार, 21 नवंबर (हि.स.)। श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण के महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत धुनी दास को त्यागपत्र भेजकर सभी दायित्वों से मुक्त करने का अनुरोध किया है। फिलहाल उन्होंने किसी अन्य अखाड़े से जुड़ने का संकेत नहीं दिया है।
अपने त्यागपत्र में करौली शंकर महाराज ने आरोप लगाया कि अखाड़े में आपसी खींचतान, तानाशाही और मुकदमेबाजी के कारण पंचायती व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को अखाड़े में उचित प्रतिनिधित्व और सम्मान नहीं मिल रहा है, जिससे वह आहत हैं।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म, संत परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति समर्पण भाव से उन्होंने महामंडलेश्वर के रूप में सेवाएं दीं। इसके लिए उन्होंने संत-महात्माओं और पदाधिकारियों का आभार भी जताया। हालांकि, मौजूदा परिस्थितियों को लेकर उन्होंने गंभीर चिंता व्यक्त की।
करौली शंकर महाराज ने आरोप लगाया कि पदाधिकारियों की आपसी खींचतान के चलते अखाड़े में मुकदमेबाजी की स्थिति पैदा हो गई है। महापुरुषों ने जिन उद्देश्यों के साथ अखाड़े की स्थापना की थी, वे पूरे नहीं हो रहे हैं। उन्होंने अखाड़े की संपत्तियों का निजी हितों के लिए इस्तेमाल किए जाने और ध्यान-साधना, पूजा-पाठ जैसी धार्मिक गतिविधियां बंद होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों और अपने स्वतंत्र आध्यात्मिक एवं सामाजिक दायित्वों को देखते हुए उन्होंने स्वेच्छा से पद छोड़ने का निर्णय लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला