दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर हुए मुशफिकुर रहीम

युगवार्ता    22-Nov-2026
Total Views |
दूसरे टेस्ट से बाहर मुशफिकुर रहीम (फोटो- आईसीसी)


सेंचुरियन, 22 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से पहले बांग्लादेश की टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ग्रोइन इंजरी के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट 23 नवंबर से सेंचुरियन में खेला जाना है।

आईसीसी वेबसाइट के अनुसार मुशफिकुर को पहले टेस्ट के दौरान चोट लगी थी। इसके बाद उनका एमआरआई स्कैन कराया गया, जिसमें पेल्विक बोन के आसपास सूजन और जलन का पता चला है। बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम के फिजियोथेरेपिस्ट बायजेदुल इस्लाम खान ने खिलाड़ी की स्थिति के बारे में अपडेट देते हुए बताया कि उन्हें तुरंत आराम और रिहैबिलिटेशन की जरूरत है।

बायजेदुल इस्लाम खान ने कहा कि पहले टेस्ट मैच के दौरान मुशफिकुर ने बाएं ग्रोइन क्षेत्र में तेज दर्द की शिकायत की थी। टेस्ट के बाद उनका एमआरआई स्कैन कराया गया, जिसके नतीजों में पेल्विक बोन के आसपास सूजन और जलन की पुष्टि हुई।

उन्होंने कहा कि चोट को और गंभीर होने से रोकने तथा इससे उबरने के लिए उन्हें तत्काल आराम और विशेष रिहैबिलिटेशन की जरूरत है। इसी वजह से वह दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

मुशफिकुर रहीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में खाता भी नहीं खोला था, जबकि दूसरी पारी में वह 22 रन बनाकर आउट हुए थे। इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पांचवें दिन नौ विकेट से जीत दर्ज की थी।

मुशफिकुर रहीम के अलावा बांग्लादेश को तेज गेंदबाज हसन महमूद की फिटनेस को लेकर भी चिंता है। दाएं हाथ की कोहनी में परेशानी के कारण उनके दक्षिण अफ्रीका दौरे के बाकी मुकाबलों में खेलने पर भी संशय बना हुआ है।

दोनों खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी बांग्लादेश के लिए बड़ा झटका होगा। ऐसे में टीम प्रबंधन के सामने दूसरे टेस्ट के लिए संतुलित प्लेइंग इलेवन चुनने की चुनौती होगी। फिलहाल साउथ अफ्रीका अभी बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Tags