एनएफडीसी और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के बीच समझौता, देशभर के लेखकों और रचनाकारों को मिलेगा अपनी कहानी पेश करने का मौका

युगवार्ता    22-Nov-2026
Total Views |
गोवा में रविवार को 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान एनएफडीसी और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के बीच समझौता ज्ञापन के बाद के पदाधिकारी।


नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (एसपीएनआई) ने देशभर के लेखकों, रचनाकारों और प्रोडक्शन हाउस को अपनी मौलिक कहानियां और कार्यक्रमों के विचार पेश करने का अवसर देने के लिए समझौता किया है। गोवा में चल रहे 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के दौरान दोनों संस्थाओं ने समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत 'वेव्स बाजार एक्स एसपीएनआई कंटेंट क्रिएटर सबमिशन इनिशिएटिव' शुरू की गई है।

केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय ने बताया कि इस पहल के तहत हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु और बांग्ला भाषाओं में मौलिक फिक्शन और नॉन-फिक्शन विषयों पर प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। इसमें फिक्शन सीरीज, प्रीमियम टीवी प्लस कंटेंट, रियलिटी शो, गेम और प्रतियोगिता आधारित कार्यक्रम, प्रतिभा आधारित कार्यक्रम तथा अन्य गैर-काल्पनिक कार्यक्रमों के विचार शामिल किए जा सकते हैं। चयनित आवेदकों को अपने प्रस्ताव सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के सामने पेश करने का अवसर मिलेगा। इन प्रस्तावों पर आगे विकास और निर्माण के लिए विचार किया जाएगा।

एनएफडीसी का उद्योग मंच वेव्स बाजार देश के मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र के रचनात्मक प्रतिभाओं को विभिन्न उद्योग हितधारकों से जोड़ता है। इस साझेदारी का उद्देश्य मौलिक कहानियों को बढ़ावा देना, विशेषकर क्षेत्रीय बाजारों से आने वाली प्रतिभाओं को अवसर देना और विविध भाषाओं तथा संस्कृतियों की कहानियों को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाना है।

समझौते के मौके पर एनएफडीसी के अध्यक्ष जी. कृष्णकुमार ने कहा कि आईएफएफआई सिनेमा और इससे जुड़े लोगों का उत्सव है। यह दुनिया भर की कहानियों, संस्कृतियों और रचनात्मक आवाजों को एक मंच पर लाता है। उन्होंने कहा कि फिल्मों और आवाजों की विविधता ही इस आयोजन को खास बनाती है। इस वर्ष का विषय 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' सिनेमा की भावना को खूबसूरती से व्यक्त करता है।

एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक धीरज सिंह ने कहा कि वेव्स बाजार रचनात्मक प्रतिभाओं और मनोरंजन उद्योग के बीच सार्थक संपर्क स्थापित कर रहा है। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के साथ यह साझेदारी लेखकों, रचनाकारों और प्रोडक्शन हाउस के लिए विभिन्न भाषाओं और प्रारूपों में मौलिक विचार प्रस्तुत करने के नए अवसर खोलेगी।

सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बनर्जी ने कहा कि देशभर में अपार रचनात्मक प्रतिभा मौजूद है, लेकिन कई बार उनके विचार स्थापित मंचों तक नहीं पहुंच पाते। एनएफडीसी के साथ यह साझेदारी लेखकों और रचनाकारों को अपने मौलिक विचार प्रस्तुत करने के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags