सनातन संस्कृति को जीवित रखने में भजन मंडलियों का अतुलनीय योगदान : शिवराज सिंह

युगवार्ता    22-Nov-2026
Total Views |
राज्य स्तरीय भजन प्रतियोगिता में भजन सुनाते हुए शिवराज सिंह


- औबेदुल्लागंज में राज्य स्तरीय भजन प्रतियोगिता में शामिल हुए केन्द्रीय मंत्री, मंडलियों को 5-5 हजार रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की

रायसेन, 22 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भजन मंडलियां भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को जीवित रखने का महान कार्य कर रही हैं। रामायण, महाभारत और पुराणों की गाथाएं जब भजनों की लय, ताल और सुर में प्रस्तुत की जाती हैं, तो वे सहजता से जनमानस के हृदय तक पहुंचती हैं। जो बातें सामान्य प्रवचन में समझने में कठिन लग सकती हैं, वे भजनों के माध्यम से आनंद के साथ समझ में आती हैं और एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचती हैं। यह केवल संगीत नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। इस महान कार्य के लिए सभी भजन मंडलियां अभिनंदन की पात्र हैं।

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान रविवार को रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज में आयोजित राज्य स्तरीय विशाल भजन प्रतियोगिता में शामिल होकर उपस्थित श्रोताओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने भजन मंडलियों की शानदार प्रस्तुतियों का आनंद लिया और कलाकारों की मेहनत, समर्पण एवं प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां अद्भुत आनंद की वर्षा हो रही है। भजनों की लय, ताल और सुर मन को आनंदित करने के साथ ही ज्ञान और संस्कारों का संचार करते हैं। यह आयोजन भक्ति और कर्म का त्रिवेणी संगम है।

केन्द्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि भारत अत्यंत प्राचीन और महान राष्ट्र है। जब दुनिया के कई तथाकथित सभ्य देशों में सभ्यता का उदय भी नहीं हुआ था, तब भारत में वेदों की ऋचाएं रची जा चुकी थीं। वेद, उपनिषद, पुराण, रामायण, महाभारत और श्रीमद्भगवद्गीता हमारी हजारों वर्षों की ज्ञान परंपरा और अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं। इस विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। भजन मंडलियां अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से यही महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।

उन्होंने आयोजन समिति और सभी कलाकारों का हृदय से स्वागत एवं अभिनंदन किया। चौहान ने कार्यक्रम के दौरान स्वयं भी भजन की प्रस्तुति दी। उन्होंने लोकप्रिय भजन श्राम भजन सुखदाई, जपो रे मेरे भाईश् गाकर उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ भक्ति का आनंद साझा किया। उनके भजन गाने पर कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

हर भजन मंडली का होगा सम्मान, सांची में भी आयोजित होगी भजन प्रतियोगिता

केन्द्रीय मंत्री चौहान ने प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी 24 भजन मंडलियों के सम्मान में प्रत्येक मंडली को 5-5 हजार रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ये सभी मंडलियां पूरी मेहनत और अभ्यास के साथ भक्ति की अलख जगा रही हैं। ढोलक, मंजीरा और अन्य वाद्य यंत्रों के लिए भी व्यवस्थाओं की आवश्यकता होती है। यह सम्मान राशि उनके लिए सहयोगी होगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली मंडलियों को आयोजक समिति द्वारा पुरस्कार दिए जाएंगे, लेकिन सभी प्रतिभागी मंडलियों का सम्मान होना चाहिए।

चौहान ने कहा कि औबेदुल्लागंज में पिछले 12 वर्षों से भजन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है और बड़ी संख्या में भजन मंडलियां इसमें सहभागिता कर रही हैं। उन्होंने सांची क्षेत्र में भी इसी प्रकार की भजन प्रतियोगिता आयोजित करने की इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों को भक्ति, आनंद और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है। भगवान के नाम का स्मरण और भजन करते रहना चाहिए, क्योंकि भजन में आनंद भी है, ज्ञान भी है और जीवन को सफल बनाने का मार्ग भी है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags