कच्छ सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता

युगवार्ता    22-Nov-2026
Total Views |
दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी की फाइल फोटो


कच्छ, 22 नवंबर (हि.स.)। गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से रविवार को जारी जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

यह भीषण दुर्घटना शनिवार रात (21 नवंबर) करीब 9:30 बजे भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर वेकरिया के रण इलाके के पास हुई थी। पुलिस और प्राप्त जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड नंबर की एक कार सफेद रण का भ्रमण कर खावड़ा से भुज की ओर लौट रही थी। इसी दौरान भुज से खावड़ा की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार मालवाहक ट्रेलर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में बंट गई। हादसे में कार सवार सभी 7 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग मूल रूप से उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के निवासी थे। वे भुज में तैनात भारतीय सेना के एक जवान के परिजन और रिश्तेदार थे, जो कच्छ घूमने आए हुए थे। मृतकों में तीन परिवारों के तीन बच्चे और चार वयस्क शामिल हैं।

मृतकों की पहचान सौरवसिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और उनकी तीन माह की बेटी सिविका के रूप में हुई है। दूसरे परिवार से राजेशसिंह रावत (35) और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता की मौत हुई है। वहीं, तीसरे परिवार से रिंकी नितिन गुंसाई (35) और उनकी चार माह की बेटी वामिका ने भी हादसे में जान गंवाई।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, जिससे हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही धोरडो पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को मलबे से बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भुज के जी. के. जनरल अस्पताल भेजा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही रात में भारतीय सेना के अधिकारी और जिला पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा भी मौके व अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रेलर चालक की लापरवाही समेत अन्य पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Tags