युवा आबादी का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना भारत के भविष्य के लिए महत्वपूर्णः जितेंद्र सिंह

युगवार्ता    22-Nov-2026
Total Views |
नई दिल्ली में रविवार को 'द वीक हेल्थ समिट 2026' में स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान देने वाले विशेषज्ञों को सम्मानित करते केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह।


नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत में स्वास्थ्य अनुसंधान का जोर अब बीमारियों के इलाज के साथ उनकी रोकथाम, शुरुआती पहचान और आणविक एवं आनुवंशिक स्तर पर शोध की ओर बढ़ रहा है। मधुमेह, मोटापा, उच्च रक्तचाप और हृदय संबंधी बीमारियां कम उम्र के लोगों को भी तेजी से प्रभावित कर रही हैं। ऐसे में बचाव आधारित स्वास्थ्य सेवाएं और समय रहते बीमारी की पहचान करना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि देश की युवा आबादी का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना भारत के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।

डॉ. जितेंद्र सिंह रविवार को यहां आयोजित 'द वीक हेल्थ समिट 2026' को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केंद्र सरकार की स्वास्थ्य पहलों पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधन दिया और स्वास्थ्य विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं तथा उद्योग प्रतिनिधियों के साथ संवाद भी किया। कार्यक्रम में एम्स नई दिल्ली के निदेशक डॉ. निखिल टंडन, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के निदेशक शरद अग्रवाल और अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति के भारत में उप प्रमुख डॉ. आंद्रेई कोजिक सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक और चिकित्सा शोधकर्ता मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि बदलती खानपान की आदतों, शारीरिक गतिविधियों में कमी और जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं के कारण मधुमेह, मोटापा, उच्च रक्तचाप और हृदय रोगों का खतरा बढ़ रहा है। यह चुनौती अब शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में फैल रही है। उन्होंने कहा कि बीमारियों की रोकथाम केवल चिकित्सकों की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि इसके लिए समाज की सामूहिक भागीदारी और जागरूकता जरूरी है।

उन्होंने कहा कि भारत पारंपरिक उपचार पद्धतियों से आगे बढ़कर बीमारियों के मूल कारणों को समझने के लिए आणविक विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी और आनुवंशिक अनुसंधान में प्रगति कर रहा है। इससे जटिल बीमारियों के उपचार और उनके बेहतर प्रबंधन के लिए अधिक सटीक तरीके विकसित करने में मदद मिल रही है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने स्वदेशी डीएनए टीका विकसित कर अपनी वैज्ञानिक क्षमता का प्रदर्शन किया था। अब टीका अनुसंधान और बचाव आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 50 लाख से अधिक किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। इससे सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के प्रयासों को मजबूती मिली है।

उन्होंने भारतीय आबादी के जीनोम अनुसंधान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के 84 अलग-अलग आबादी समूहों के 10 हजार लोगों का जीनोम अनुक्रमण किया गया है। भारत की आनुवंशिक विविधता और विभिन्न आबादी समूहों में मौजूद 400 से अधिक आनुवंशिक लक्षणों का अध्ययन बीमारियों के प्रति संवेदनशीलता और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को समझने में महत्वपूर्ण है। इससे अलग-अलग लोगों के लिए लक्षित चिकित्सा पद्धतियां विकसित करने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा का भविष्य व्यक्तिगत उपचार यानी प्रिसिजन मेडिसिन में है। इसमें किसी व्यक्ति की आनुवंशिक संरचना, जीवनशैली और पर्यावरण को ध्यान में रखकर उपचार तय किया जाता है। एक ही बीमारी से पीड़ित अलग-अलग लोगों के लिए उपचार का तरीका अलग हो सकता है। उन्होंने गर्भावधि मधुमेह से पीड़ित महिलाओं में बायोमार्कर संबंधी चल रहे शोध का भी उल्लेख किया। इसके माध्यम से उन महिलाओं की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है, जिन्हें भविष्य में टाइप-2 मधुमेह होने का अधिक खतरा है।

उन्होंने कहा कि सरकार और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) दुर्लभ आनुवंशिक बीमारियों के निदान और उपचार की सुविधाओं का दायरा बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं। ऐसी बीमारियों के मामलों में सही निदान में देरी, महंगे उपचार और दवाओं की सीमित उपलब्धता के कारण मरीजों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ पड़ता है। इसलिए उपचार को अधिक सुलभ और किफायती बनाना जरूरी है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत स्वदेशी चिकित्सा अनुसंधान में भी प्रगति कर रहा है। देश में नई एंटीबायोटिक दवाओं के विकास और जीन थेरेपी के क्षेत्र में काम हो रहा है। उन्होंने वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में हीमोफीलिया के लिए किए गए जीन थेरेपी अनुसंधान का उल्लेख किया, जिसके निष्कर्ष प्रतिष्ठित मेडिकल जर्नल 'न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन' में प्रकाशित हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय शोधकर्ता अब ऐसी उन्नत चिकित्सा तकनीक विकसित कर रहे हैं, जिनका उपयोग देश के बाहर भी हो सकता है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी भ्रामक जानकारियों, अप्रमाणित पोषण संबंधी सलाह और सौंदर्य संबंधी उद्देश्यों के लिए बिना चिकित्सकीय परामर्श दवाओं के इस्तेमाल से सावधान किया। उन्होंने योग्य चिकित्सकों से सलाह लेने और प्रमाणित वैज्ञानिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags