
नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह अपनी पहली भारत यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचे। दोनों देश अपने समग्र द्विपक्षीय संबंधों को नए सिरे से मजबूत करने, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, रेलवे, बुनियादी ढांचे, तकनीक, मानव संसाधन विकास और जलवायु परिवर्तन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण समझौते करने की दिशा में काम कर रहे हैं। 36 वर्षीय बालेन्द्र शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ आज उनकी होने वाली वार्ता से भविष्य के लिए द्विपक्षीय साझेदारी की रूपरेखा तय होने और सहयोग के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
बालेन्द्र शाह के नई दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय वाणिज्य राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। यात्रा के पहले आधिकारिक कार्यक्रम के तहत शाह ने विदेशमंत्री एस. जयशंकर के साथ बैठक की। बैठक के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा कि भारत, नेपाल के साथ अपनी विशेष मित्रता को संजोकर रखता है। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं विशेष रूप से कनेक्टिविटी, व्यापार, ट्रांजिट, वाणिज्य, ऊर्जा, संस्कृति, शिक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी और शाह के बीच पहले टेलीफोनिक बातचीत और सोशल मीडिया के जरिए संदेशों का आदान-प्रदान हो चुका है। बावजूद इसके आज उनकी पहली आमने-सामने की मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है। नेपाल में वर्ष 2025 में हुए जेन-जी आंदोलन के बाद केपी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी और रैपर से राजनेता बने शाह और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) की युवा पीढ़ी के नेता सत्ता में आए। इस राजनीतिक बदलाव के बाद होने वाली यह मुलाकात दोनों देशों के रिश्तों को नई गति देने का मंच तैयार करेगी।
दोनों नेता आज भारत के सहयोग से पूर्ण हो चुकी कनेक्टिविटी और ऊर्जा परियोजनाओं का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे और कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में अनेक दूरगामी समझौते भी किए जाएंगे। इनमें विकास सहयोग, जलविद्युत, रेलवे, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन और तकनीक शामिल हैं। साथ ही अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल लिंक का भी अनावरण होने की उम्मीद है।
बालेंद्र शाह के साथ 35 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। इसमें विदेशमंत्री शिशिर खनाल, वित्तमंत्री स्वर्णिम वाग्ले, प्रधानमंत्री के वरिष्ठ सलाहकार और कारोबारी प्रतिनिधि शामिल हैं। इस यात्रा के दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन होना है। भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा, आपसी विश्वास, साझा परंपराओं और लोगों के बीच गहरे जुड़ाव पर आधारित अनूठे और व्यापक संबंध हैं। विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों के बीच 40 से अधिक द्विपक्षीय संस्थागत तंत्र काम कर रहे हैं।
भारत, नेपाल का सबसे बड़ा व्यापार, पारगमन और निवेश साझेदार है। नेपाल को भारतीय बाजारों में शुल्क-मुक्त पहुंच प्राप्त है और उसका लगभग 80 प्रतिशत निर्यात भारत को ही होता है। इसके अलावा, नेपाल में कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) का लगभग एक-तिहाई हिस्सा भारत से आता है। भारत ने नेपाल के 74 जिलों में 1,662 करोड़ नेपाली रुपये से अधिक की लागत वाली 600 से ज्यादा सामुदायिक विकास परियोजनाएं लागू की हैं। प्रमुख कनेक्टिविटी परियोजनाओं में सीमा पार रेलवे लाइनें, पेट्रोलियम उत्पाद पाइपलाइन और एकीकृत जांच चौकियां शामिल हैं।
साल 2015 के गोरखा भूकंप के बाद भारत ने नेपाल को व्यापक सहायता दी थी, जिसके तहत 50,000 घरों, 71 शैक्षणिक परियोजनाओं और 128 स्वास्थ्य केंद्रों का पुनर्निर्माण किया गया। इस वर्ष बाढ़ के बाद भी भारत ने 140 टन आपातकालीन राहत सामग्री भेजकर मानवीय सहायता प्रदान की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद