
एकल में रक्षिता संभालेंगी भारतीय चुनौती
लखनऊ, 23 नवंबर (हि.स.)। गत चैंपियन त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद मंगलवार से लखनऊ में शुरू हो रहे सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में महिला युगल का लगातार तीसरा खिताब जीतने के इरादे से उतरेंगी। वहीं, पिछले सप्ताह हांगकांग ओपन में टोक्यो 2020 ओलंपिक की महिला एकल चैंपियन चेन यूफेई को हराकर सुर्खियों में आईं युवा खिलाड़ी रक्षिता रामराज एकल मुकाबलों में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगी।
विश्व बैडमिंटन महासंघ की सुपर 300 श्रेणी का यह टूर्नामेंट मंगलवार से रविवार तक बाबू बनारसी दास उत्तर प्रदेश बैडमिंटन अकादमी में खेला जाएगा।
शीर्ष वरीयता प्राप्त त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद लगातार तीसरी बार सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय खिताब जीतने की कोशिश करेंगी। भारतीय जोड़ी ने 2024 में पहली बार यह खिताब जीता था और पिछले साल सफलतापूर्वक इसका बचाव किया था। दोनों 2022 में उपविजेता भी रही थीं। टूर्नामेंट में उनका लगातार अच्छा प्रदर्शन उनकी मजबूत दावेदारी को दर्शाता है।
इस साल की शुरुआत में त्रीसा और गायत्री ने नई दिल्ली में आयोजित विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर अपने प्रदर्शन को और मजबूत किया था।
दूसरी ओर, 19 वर्षीय रक्षिता रामराज हांगकांग ओपन की शानदार लय को घरेलू टूर्नामेंट में भी बरकरार रखना चाहेंगी। भारतीय युवा शटलर ने पिछले गुरुवार को विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज और टोक्यो 2020 ओलंपिक चैंपियन चीन की चेन यूफेई को प्री-क्वार्टर फाइनल में 21-18, 24-22 से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। यह मुकाबला सुपर 500 श्रेणी के टूर्नामेंट में खेला गया था।
हालांकि, क्वार्टर फाइनल में रक्षिता का सफर थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से हार के साथ समाप्त हो गया था। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु महिला एकल में हिस्सा नहीं ले रही हैं। ऐसे में तन्वी शर्मा और उन्नति हुड्डा पर भी घरेलू मैदान पर खिताब जीतने की भारतीय उम्मीदों का दारोमदार रहेगा।
विश्व रैंकिंग में 19वें स्थान पर काबिज जापान की रिको गुंजी महिला एकल में शीर्ष वरीय खिलाड़ी होंगी। भारतीय चुनौती में अश्मिता चालिहा, देविका सिहाग, अनमोल खरब और ईशारानी बरुआ भी शामिल हैं। ये सभी घरेलू दर्शकों के सामने प्रभावशाली प्रदर्शन करना चाहेंगी।
पुरुष एकल में विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणय भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे। पूर्व विश्व नंबर छह प्रणय को तीसरी वरीयता दी गई है। उनसे आगे सिंगापुर के जेसन तेह और मलेशिया के ली जी जिया हैं। पेरिस 2024 ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता ली जी जिया इस प्रतियोगिता में भी प्रमुख दावेदार होंगे। आठवीं वरीयता प्राप्त तरुण मन्नेपल्ली और किरण जॉर्ज भी भारत के प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं।
पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुनन और एमआर अर्जुन को तीसरी वरीयता दी गई है। वहीं, मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और ओलंपियन तनिषा क्रास्टो शीर्ष वरीयता के साथ भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे।
हालांकि, भारत को कुछ बड़े खिलाड़ियों की कमी खलेगी। इस महीने की शुरुआत में हायलो ओपन और कुमामोटो मास्टर्स जापान का खिताब जीतने वाले लक्ष्य सेन ने इस टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है। देश की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेंगी।
भारतीय खिलाड़ियों की सूची
पुरुष एकल
मुख्य ड्रॉ में एचएस प्रणय, तरुण मन्नेपल्ली, किरण जॉर्ज, मिथुन मंजूनाथ, तुषार सुवीर, जिनपॉल सोना, रौनक चौहान, सनीत दयानंद और एस शंकर मुथुसामी सुब्रमण्यम शामिल हैं।
क्वालीफाइंग दौर में कविन थंगम कविन, ओरिजित चालिहा, प्रणय शेट्टिगार, हमार लालथाजुआला, लक्ष्य शर्मा, नुमैर शेख, सिद्धांत गुप्ता, मनराज सिंह, भरत राघव, आलाप मिश्रा, संस्कार सरस्वत और शाश्वत दलाल चुनौती पेश करेंगे।
महिला एकल
मुख्य ड्रॉ में रक्षिता रामराज, तन्वी शर्मा, उन्नति हुड्डा, अश्मिता चालिहा, देविका सिहाग, ईशारानी बरुआ, मालविका बंसोड़, तस्नीम मीर, मानसी सिंह, अनुपमा उपाध्याय, तान्या हेमंत, आकर्षी कश्यप, श्रियांशी वालिशेट्टी और अनमोल खरब शामिल हैं।
क्वालीफाइंग दौर में तन्वी पत्री, सूर्या चारिस्मा तमिरी और सामिया इमाद फारूकी उतरेंगी।
पुरुष युगल
मुख्य ड्रॉ में हरिहरन अम्साकरुनन-एमआर अर्जुन, साई प्रतीक-रुबन कुमार रेथिनासाबापति, भार्गव राम अरिगेला-विश्व तेज गोब्बुरु, अभिनाश मोहंती-आयुष पटनायक, कृष्ण प्रसाद गरगा-पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय, विप्लव कुवले-विराज कुवले, अभ्युदय चौधरी-आयुष मखीजा और अच्युतादित्य राव डोड्डावरापु-अर्जुन रेड्डी पोचाना की जोड़ियां खेलेंगी।
क्वालीफाइंग दौर में आर्य ठाकोर-ध्रुव ठाकोर, अमान मोहम्मद-डिंगकू सिंह कोंथौजम, अनुज काले-इयान लोपेज, हिमांशु तिवारी-शशांक छेत्री, कार्तिक राजा बालामुरुगन-पी पार्थ वैद, अशित सूर्या-गणेश विट्टलजी, नितिन कुमार-दक्ष गौतम और सूरज गोआला-निकोलस राज की जोड़ियां उतरेंगी।
महिला युगल
मुख्य ड्रॉ में त्रीसा जॉली-गायत्री गोपीचंद, अश्विनी भाट-शिखा गौतम, हृषा दुबे-महरीन रजा, श्रेया बालाजी-प्रणवी नटराजन, समृद्धि सिंह-अमोलिका सिंह सिसोदिया, नयना एस ओएसिस-वर्षिणी विश्वनाथ श्री, रुतपर्णा पांडा-श्वेतापर्णा पांडा, मान्या रहलान-रेशिका उथायसूरियन, गायत्री रावत-मानसा रावत, निशु मलिक-तनु मलिक, अनन्या अरुण-अंजना मणिकंदन, जेनिथ एबिगेल-तारिणी सूरी, अदिति भट्ट-श्रवणी वालेकर, सोनाली सिंह-रितिका ठाकेर, रीवा इवेंजेलिन-वीआर नर्धना, प्रिया कोंजेंगबाम-श्रुति मिश्रा, साक्षी गहलावत-दिव्या आर बालासुब्रमण्यम और अनघा अरविंद पई-नंदिता थॉमस की जोड़ियां शामिल हैं।
क्वालीफाइंग दौर में अक्षिता मनराल-इशिता नेगी, बारुनी पार्श्वल-दिया भीमैय्या, प्रावंधिका राघवन-नेयसा कैरियप्पा, अनघा करंदीकर-पलक अरोड़ा, कर्णिका श्रीस-दीप्ति सतीश, रश्मि गणेश-अमृता प्रमुथेश और इशु मलिक-सिया सिंह की जोड़ियां चुनौती देंगी।
मिश्रित युगल
मुख्य ड्रॉ में ध्रुव कपिला-तनिषा क्रास्टो, रोहन कपूर-रुत्विका शिवानी गड्डे, ध्रुव रावत-मनीषा के, आर्यन सपिया-अमृता प्रमुथेश, मोहित जगलान-लक्षित जगलान, फरोग संजय अमन-जेनिथ एबिगेल, विराज कुवले-रुतपर्णा पांडा, सात्विक रेड्डी कनापुरम-रेशिका उथायसूरियन, हरिहरन अम्साकरुनन-राधिका शर्मा, आयुष मखीजा-अनघा अरविंद पई, अशित सूर्या-अनघा करंदीकर, विमलराज अन्नादुरई-श्रेया बालाजी, हर्षवर्धन कोठारी-आराधना बालचंद्र, भव्या छाबड़ा-अदिति भट्ट और सी लालरामसंगा-कीर्ति मनचला की जोड़ियां खेलेंगी।
क्वालीफाइंग दौर में आयुष दास-पूर्वा प्रत्याशा पांडा, वंश देव-इशिता नेगी, विष्णु केदार कोडे-हीरल चौहान, मिथिलेश पी कृष्णन-वर्णा प्रभुनंद और दिव्यम अरोड़ा-श्रवणी वालेकर की जोड़ियां उतरेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे