इंडियन फुटबॉल लीग का आधिकारिक डेस्टिनेशन पार्टनर बना नागालैंड पर्यटन

युगवार्ता    23-Nov-2026
Total Views |
इंडियन फुटबॉल लीग लोगो


नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। इंडियन फुटबॉल लीग ने घोषणा की है कि नागालैंड पर्यटन 2026-27 सत्र के लिए लीग का आधिकारिक डेस्टिनेशन पार्टनर बन गया है। इस साझेदारी के जरिए भारत के सांस्कृतिक रूप से समृद्ध राज्यों में शामिल नागालैंड और देश की प्रमुख फुटबॉल प्रतियोगिताओं में से एक इंडियन फुटबॉल लीग को एक साथ लाया गया है। इसका उद्देश्य देशभर के फुटबॉल दर्शकों के बीच नागालैंड की विशिष्ट पहचान को पहुंचाना है।

इस साझेदारी के तहत नागालैंड पर्यटन लीग के माध्यम से भारत और अन्य देशों के फुटबॉल प्रशंसकों के बीच ‘नेचुरली नागालैंड’ का प्रचार करेगा। इसके साथ ही इंडियन फुटबॉल लीग को हॉर्नबिल महोत्सव से भी जोड़ा जाएगा। नागालैंड का यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित ‘महोत्सवों का महोत्सव’ एक से 10 दिसंबर 2026 तक कोहिमा के निकट किसामा स्थित नागा हेरिटेज विलेज में आयोजित होगा। इस महोत्सव का यह 27वां संस्करण होगा। लीग और महोत्सव के संयुक्त प्रयास से राज्य में अनुभव आधारित पर्यटन और खेल पर्यटन के नए अवसर खुलेंगे।

इस साझेदारी का स्वागत करते हुए नागालैंड के मुख्यमंत्री डॉ. नेफ्यू रियो ने कहा, “हमारा दृष्टिकोण भारत और दुनिया के साथ नागा जीवनशैली की विशिष्टता साझा करना है। इसके साथ ही पर्यटन, खेल और रचनात्मक अर्थव्यवस्था के माध्यम से नए अवसर पैदा करना भी हमारा लक्ष्य है। इंडियन फुटबॉल लीग के साथ यह साझेदारी नागालैंड को अनुभव आधारित पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और कदम है। यहां पर्यटक केवल देखने नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली का अनुभव करने आएंगे। हम एक सार्थक साझेदारी की उम्मीद करते हैं, जो लोगों को एक साथ लाएगी, हमारे युवाओं को प्रेरित करेगी और नागालैंड की कहानी को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाएगी।”

नागालैंड सरकार के पर्यटन मंत्री तेमजेन इम्ना अलोंग ने कहा, “हमें भारत और अन्य देशों में ‘नेचुरली नागालैंड’ को बढ़ावा देने के लिए इंडियन फुटबॉल लीग का साझेदार के रूप में स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। महोत्सवों की भूमि नागालैंड अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, संगीत, खानपान, प्राकृतिक सुंदरता और गर्मजोशी भरे आतिथ्य के जरिए अनूठे अनुभव प्रदान करता है। हम विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हॉर्नबिल महोत्सव यानी महोत्सवों के महोत्सव के साथ आईएफएल के जुड़ाव को लेकर उत्साहित हैं। यह साझेदारी अनुभव आधारित पर्यटन और खेल पर्यटन के नए अवसर पैदा करेगी, पर्यटकों को आकर्षित करेगी और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नागालैंड की उपस्थिति को और मजबूत करेगी।”

इंडियन फुटबॉल लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निलदीप मंडल ने कहा, “इंडियन फुटबॉल लीग के आधिकारिक डेस्टिनेशन पार्टनर के रूप में नागालैंड पर्यटन का स्वागत करते हुए हम सम्मानित महसूस कर रहे हैं। इस वर्ष जब हमने नागालैंड यूनाइटेड का इंडियन फुटबॉल लीग परिवार में स्वागत किया था, उसी समय से वहां मिले हर व्यक्ति की गर्मजोशी और मेहमाननवाजी ने हमें प्रभावित किया है। नागालैंड की सांस्कृतिक विरासत इतनी समृद्ध है कि यह विश्वास करना मुश्किल है कि इस क्षेत्र के बाहर के बहुत से लोग इसके बारे में कितना कम जानते हैं। खेल के प्रति नागालैंड का प्रेम पहले से ही जाना जाता है। इसकी उल्लेखनीय संस्कृति और मेहमाननवाजी के साथ मिलकर यह हमारे लिए स्वाभाविक साझेदारी बन जाती है।

“हमारी लीग की देशभर में मौजूदगी है, जो हमें हर आयोजन स्थल और हर प्रसारण के माध्यम से प्रशंसकों तक नागालैंड की कहानी पहुंचाने का मजबूत मंच देती है। हम विशेष रूप से हॉर्नबिल महोत्सव के साथ जुड़ाव को लेकर उत्साहित हैं। यह नागालैंड को करीब से जानने का शानदार अवसर है। यह फुटबॉल और संस्कृति को एक साथ लाता है। हमें उम्मीद है कि इससे अधिक से अधिक प्रशंसक नागालैंड का अनुभव करने के लिए प्रेरित होंगे और राज्य के युवा खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने की प्रेरणा मिलेगी।”

यह साझेदारी नागालैंड में फुटबॉल के लिए एक ऐतिहासिक सत्र के दौरान हुई है। नागालैंड यूनाइटेड स्पोर्ट्स क्लब राज्य का पहला क्लब है, जिसने इंडियन फुटबॉल लीग में जगह बनाई है। इस प्रतियोगिता को पहले आई-लीग के नाम से जाना जाता था। क्लब ने 30 अक्टूबर 2026 को अपने ऐतिहासिक पदार्पण अभियान की शुरुआत की थी।

फुटबॉल, संस्कृति और पर्यटन को एक साथ लाने वाली यह साझेदारी इंडियन फुटबॉल लीग को अपने दर्शकों से जुड़ने का नया माध्यम देगी। वहीं, नागालैंड को देश के सामने अपनी पहचान प्रस्तुत करने और महोत्सवों की भूमि में पूरे देश का स्वागत करने का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags