सर्दियों में प्रदूषण घटाने के लिए दिल्ली-एनसीआर के जिलों को मिला 15 से 20 फीसदी कमी का लक्ष्य

युगवार्ता    23-Nov-2026
Total Views |
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोग के सदस्य सचिव तरुण कुमार पिथोड़े ने दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों के जिलाधिकारियों एवं उपायुक्तों के साथ बैठक


नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)।

दिल्ली-एनसीआर में सर्दियों के दौरान वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को आयोग के सदस्य सचिव तरुण कुमार पिथोड़े ने दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों के जिलाधिकारियों एवं उपायुक्तों के साथ बैठक कर सर्दियों में प्रदूषण नियंत्रण के उपायों और जिला कार्ययोजना-2027 की समीक्षा की।

बैठक में जिलों को प्रदूषण में 15 से 20 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य दिया गया। इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया गया।

बैठक में आयोग ने अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे केवल नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि प्रदूषण की रोकथाम के लिए पहले से प्रभावी कदम उठाएं।

बैठक में खुले में बायोमास, ठोस कचरे (एमएसडब्ल्यू) और पॉलीथिन जलाने की घटनाओं को रोकने को प्राथमिकता देने को कहा गया। इसके अलावा यातायात जाम कम करने, वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने और सर्दियों के दौरान आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

सीएक्यूएम ने जिलाधिकारियों और उपायुक्तों को जिला कार्ययोजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने, प्रगति की समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्यों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की स्थिति और प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

आयोग ने बताया कि इस निर्देश का उद्देश्य जिला स्तर पर समन्वित और सक्रिय प्रयासों के जरिए सर्दियों में प्रदूषण के स्रोतों पर प्रभावी नियंत्रण करना और दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags