वैभव सूर्यवंशी के ऐतिहासिक दोहरे शतक पर बीसीए अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने दी बधाई

युगवार्ता    24-Nov-2026
Total Views |
वैभव सूर्यवंशी के ऐतिहासिक दोहरे शतक पर बीसीए अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने दी बधाई


पटना, 24 नवंबर (हि.स.)। बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में उनकी रिकॉर्डतोड़ पारी पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने उन्हें बधाई देते हुए इस उपलब्धि को राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया।

15 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव ने दोहा में खेले गए मुकाबले में महज 53 गेंदों पर 204 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 28 छक्के और सात चौके लगाए। उनकी इस पारी में बड़े शॉट लगाने की क्षमता और आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। वैभव ने 28 गेंदों में शतक पूरा कर लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद उन्होंने केवल 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़कर इस प्रारूप में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया।

वैभव की इस असाधारण पारी की बदौलत इंडिया-ए ने यूएई के 249 रन के लक्ष्य को महज 14.2 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 248 रन बनाए थे। इंडिया-ए ने 254 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से जीत लिया।

बीसीए अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने कहा कि वैभव ने अपने प्रदर्शन से इतिहास रचने के साथ बिहार के क्रिकेट प्रेमियों को गर्व करने का अवसर दिया है। महज 53 गेंदों में 204 रन बनाना और लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड कायम करना असाधारण उपलब्धि है। उनकी निडर बल्लेबाजी, क्षमता और आत्मविश्वास उनकी प्रतिभा को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि वैभव की सफलता बिहार के हजारों युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा बनेगी। उनका सफर बताता है कि समर्पण, मेहनत और सही अवसर मिलने पर राज्य की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। उन्होंने वैभव के उज्ज्वल क्रिकेट भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी नए कीर्तिमान स्थापित कर बिहार और भारतीय क्रिकेट को गौरवान्वित करेंगे।

बीसीए ने भी वैभव की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि एसोसिएशन राज्य की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags