

-मुख्यमंत्रीके नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कचरा प्रबंधन और आधुनिक तकनीकों का लिया जायजा-मैशिमा संयंत्र में प्रतिदिन 900 टन कचरे का प्रसंस्करण, 32 मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता
ओसाका (जापान), 24 नवंबर (हि.स.)। कर्नाटक के शहरों में कचरा प्रबंधन की समस्या का स्थायी समाधान तलाशने और कचरे से बिजली उत्पादन की आधुनिक तकनीकों का अध्ययन करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के नेतृत्व में राज्य का प्रतिनिधिमंडल जापान दौरे पर है। प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को ओसाका स्थित मैशिमा कचरा दहन संयंत्र का दौरा कर वहां की आधुनिक कचरा प्रबंधन व्यवस्था, प्रसंस्करण तकनीक और बिजली उत्पादन प्रणाली का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि जापान यात्रा का मुख्य उद्देश्य कर्नाटक के शहरों में कचरा प्रबंधन की समस्या का प्रभावी समाधान तलाशना और कचरे से ऊर्जा उत्पादन की वैश्विक तकनीकों को समझना है। उन्होंने कहा कि शहरी नियोजन, बुनियादी ढांचे और पर्यावरण प्रबंधन के क्षेत्र में वैश्विक पहचान रखने वाले ऐसे मॉडलों का अध्ययन कर उन्हें कर्नाटक में अपनाने की संभावनाएं तलाशना सरकार का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के संयंत्रों का अध्ययन कर्नाटक के शहरों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और कचरे के वैज्ञानिक एवं प्रभावी निस्तारण को बढ़ावा देने में मददगार साबित होगा। साथ ही, कचरे से ऊर्जा उत्पादन के नए विकल्प तलाशने और स्वच्छ, टिकाऊ एवं रहने योग्य शहरों के निर्माण की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि मैशिमा संयंत्र में प्रतिदिन करीब 900 टन नगरपालिका ठोस कचरे का प्रसंस्करण कर बिजली का उत्पादन किया जाता है। प्रतिनिधिमंडल ने कचरे के संग्रहण एवं प्रसंस्करण से लेकर दहन और बिजली उत्पादन तक की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मैशिमा द्वीप पर स्थित यह संयंत्र वर्ष 2001 से संचालित है। यहां दो कचरा दहन इकाइयों के माध्यम से प्रतिदिन अधिकतम 900 टन ठोस कचरे का प्रसंस्करण किया जाता है। संयंत्र की बिजली उत्पादन क्षमता 32 मेगावाट है। उत्पादित बिजली का पहले संयंत्र की आंतरिक जरूरतों को पूरा करने में उपयोग किया जाता है। इसके बाद बची हुई बिजली विद्युत ग्रिड को भेज दी जाती है।
संयंत्र में कचरा दहन प्रक्रिया को नियंत्रित करने के लिए उन्नत तकनीक, उत्सर्जन की निरंतर निगरानी और आधुनिक प्रदूषण नियंत्रण प्रणालियां स्थापित हैं। इनके माध्यम से कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाता है और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को न्यूनतम रखने का प्रयास किया जाता है।
मैशिमा संयंत्र अपनी अत्याधुनिक तकनीक के साथ-साथ अनूठे वास्तुशिल्प के लिए भी प्रसिद्ध है। ऑस्ट्रिया के कलाकार फ्रिडेन्सराइख हुंडर्टवासर ने इसका डिजाइन तैयार किया है। इसकी रंगीन बाहरी संरचना, विशिष्ट आकार और हरियाली से घिरा परिसर कला, पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक बुनियादी ढांचे के बेहतर समन्वय का उदाहरण प्रस्तुत करता है।
यह संयंत्र इस बात का भी उदाहरण है कि शहरों की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी औद्योगिक संरचनाओं को पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले आकर्षक स्थलों के रूप में विकसित किया जा सकता है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.