
नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार बुधवार को दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में दो प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘समावेश’ और नया ‘ई-अनुदान’ पोर्टल का उद्घाटन करेंगे।
मंत्रालय के अनुसार यह पहल विभाग के डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने, सेवाओं को आम लोगों तक आसानी से पहुंचाने और योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से तैयार ‘समावेश’ एक एकीकृत डिजिटल गेटवे के रूप में काम करेगा। यह विभाग के 20 से अधिक अलग-अलग पोर्टल को एक ही मंच पर जोड़ेगा। इनमें नौ ऐसे पोर्टल शामिल हैं जो योजनाओं के लिए पूरी डिजिटल प्रक्रिया प्रदान करते हैं। इसके अलावा नागरिकों और लाभार्थियों को अलग-अलग सेवाओं के लिए बार-बार लॉगिन नहीं करना पड़ेगा, एक ही लॉगिन से सभी सेवाएं मिलेंगी। इसमें ‘भाषिनी’ के सहयोग से तैयार एक एआई-आधारित चैटबॉट होगा, जो 22 से अधिक क्षेत्रीय भाषाओं में लोगों की मदद करेगा। दस्तावेजों के सत्यापन और भुगतान की पारदर्शिता के लिए इसे डिजिलॉकर और पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) से जोड़ा गया है। साथ ही इसमें एकीकृत लाभार्थी डैशबोर्ड की सुविधा भी होगी।
नया ई-अनुदान पोर्टल विभाग की चार प्रमुख योजनाओं नशा मुक्ति के लिए राष्ट्रीय कार्य योजना, स्माइल, अटल वयो अभ्युदय योजना (एवीवाईएवाई) और श्रेष्ठ के तहत मिलने वाले अनुदान की प्रक्रिया को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाएगा।
इसका मुख्य उद्देश्य गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) और स्वैच्छिक संस्थाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाना है। इसमें कागजी कार्रवाई कम होगी और दस्तावेजों का स्वचालित सत्यापन होगा। इसके अलावा निगरानी को सख्त बनाने के लिए वीडियो-आधारित ई-निरीक्षण और जियो-टैग्ड साक्ष्य जैसी तकनीकें जोड़ी गई हैं। पीएफएमएस से जुड़े होने के कारण फंड जारी होने और उसके उपयोग की सटीक ट्रैकिंग संभव हो सकेगी।
लॉन्च के दौरान तकनीकी सहयोग और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी किया जाएगा। इनमें भाषिनी और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के साथ समझौता शामिल है।
मंत्रालय का मानना है कि एआई और डिजिटल तकनीक के इस उपयोग से कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से जरूरतमंदों तक पहुंच सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी