इंटेग्रिस मेडटेक का आईपीओ 27 नवंबर को खुलेगा, 600 करोड़ रुपये के नए शेयर होंगे जारी

युगवार्ता    24-Nov-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। मेडिकल प्रोडक्ट्स और लैबोरेटरी सॉल्यूशंस सेक्टर की ग्लोबल कंपनी इंटेग्रिस मेडटेक लिमिटेड का आईपीओ 27 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च किया जाएगा। कंपनी के इस आईपीओ में निवेशक 1 दिसंबर तक बोली लगा सकते हैं। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 2 दिसंबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा, जबकि 3 दिसंबर को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। इसी दिन जिन निवेशकों को शेयर का अलॉटमेंट नहीं हुआ होगा, उनके लिए रिफंड की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। कंपनी के शेयर 4 दिसंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के मेनबोर्ड प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं।

इस बुक बिल्डिंग आईपीओ के लिए कंपनी ने अभी प्राइस बैंड और लॉट साइज की घोषणा नहीं की है। इस आईपीओ के तहत 1 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 600 करोड़ रुपये के नए शेयर (फ्रेश इश्यू) जारी किए जा रहे हैं। इसके अलावा ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) विंडो के जरिए कंपनी के प्रमोटर एवरक्योर होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 1,08,37,266 शेयरों की बिक्री की जा रही है।

इस आईपीओ में नए शेयरों की बिक्री से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कंपनी और उसकी सहायक कंपनियों के पुराने कर्ज चुकाने में किया जाएगा। इसमें से 509.85 करोड़ रुपये का उपयोग कंपनी तथा उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली और स्टेप-डाउन सब्सिडियरी कंपनियों के बकाया कर्ज व ब्याज के भुगतान के लिए होगा, जबकि शेष राशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों पर खर्च की जाएगी।

इस आईपीओ के कुल साइज में से क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए कम से कम 75 प्रतिशत हिस्सा सुरक्षित रखा गया है। इसके अलावा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए अधिकतम 10 प्रतिशत हिस्सा और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए अधिकतम 15 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व किया गया है। इस पूरे इश्यू के लिए आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज लिमिटेड, एक्सियल कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि केफिन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।

इंटेग्रिस मेडटेक लिमिटेड की वित्तीय स्थिति की बात करें, तो सेबी में दाखिल किए गए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) में दी गई जानकारी के अनुसार कंपनी की वित्तीय स्थिति में जबरदस्त सुधार आया है। कंपनी घाटे से उबर कर लगातार मुनाफा दर्ज कर रही है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को 40.54 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था, जो वित्त वर्ष 2023-24 में घट कर 4.88 करोड़ रुपये के शुद्ध घाटे के स्तर पर आ गया। इसके अगले वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी मुनाफे में लौट आई और इसे 70.68 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) प्राप्त हुआ। मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2025 तक कंपनी को 267.57 करोड़ रुपये का जोरदार शुद्ध लाभ हो चुका था।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी निरंतर तेजी बनी रही। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को 1,369.66 करोड़ रुपये का कुल राजस्व (टोटल इनकम) प्राप्त हुआ था, जो वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 1,582.26 करोड़ रुपये रहा और अगले वित्त वर्ष 2024-25 में और बढ़त के साथ 1,959.58 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2025 तक कंपनी को 508.93 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हो चुका था।

इस अवधि में कंपनी के ऊपर लदे कर्ज के बोझ में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। वित्त वर्ष 2022-23 के अंत में कंपनी पर कुल 556.54 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 813.10 करोड़ रुपये हो गया और वित्त वर्ष 2024-25 के अंत में 1,729.46 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2025 तक कंपनी का कुल कर्ज तेजी से घट कर 793.42 करोड़ रुपये रह गया था।

कंपनी की कुल संपत्ति (टोटल एसेट्स) में भी इस दौरान लगातार बढ़ोतरी बनी रही। वित्त वर्ष 2022-23 के अंत में कंपनी की कुल संपत्ति 2,553.87 करोड़ रुपये के स्तर पर थी, जो वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 2,989.20 करोड़ रुपये हो गई और वित्त वर्ष 2024-25 में और बढ़त के साथ 3,641.34 करोड़ रुपये हो गई। मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2025 तक कंपनी की कुल संपत्ति 4,019.62 करोड़ रुपये दर्ज की गई।

रिजर्व और सरप्लस की बात करें, तो कंपनी ने इस मोर्चे पर भी लगातार मजबूती हासिल की है। वित्त वर्ष 2022-23 के अंत में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 1,073.12 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 1,135.71 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2024-25 के अंत में 1,150.74 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2025 तक यह दोगुना होकर 2,299.84 करोड़ रुपये के स्तर पर दर्ज किया गया।

इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी लगातार बड़ा इजाफा दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2022-23 के अंत में कंपनी का नेटवर्थ 2,629.52 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 2,681.02 करोड़ रुपये हो गया और वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 2,752.52 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2025 तक कंपनी का नेटवर्थ और बढ़ कर 3,889.99 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

इसी तरह कंपनी का ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) वित्त वर्ष 2022-23 में 168.82 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 190.45 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अगले वित्त वर्ष 2024-25 में यह और बढ़ कर 309.40 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2025 तक कंपनी का ईबीआईटीडीए 78.73 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

वर्ष 2008 में स्थापित नई दिल्ली मुख्यालय वाली इंटेग्रिस मेडटेक लिमिटेड एक वैश्विक मेडिकल प्रोडक्ट्स और लैबोरेटरी सॉल्यूशंस कंपनी है। कंपनी कार्डियोवैस्कुलर डिवाइसेज, क्लिनिकल डायग्नोस्टिक्स और साइंटिफिक लैबोरेटरी सॉल्यूशंस के क्षेत्र में उत्पाद बनाती है और भारत, जर्मनी तथा नीदरलैंड्स में अपनी मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों का संचालन करती है। कंपनी के उत्पादों में ड्रग-एल्यूटिंग स्टेंट, ड्रग-कोटेड बैलून और लैब उपकरण शामिल हैं, जिनकी आपूर्ति दुनिया के 65 से अधिक अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्थित 9,500 से ज्यादा लैब और 2,000 अस्पतालों व कैथलैब में की जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags