
नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर दूसरे दौर की बातचीत मंगलवार को भी जारी रही। करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक में दोनों दलों ने सीट-दर-सीट चर्चा की लेकिन अभी कोई अंतिम सहमति नहीं बनी है। सपा ने कांग्रेस को शुरुआती तौर पर 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस 100 से 140 सीटों के बीच चुनाव लड़ने की मांग कर रही है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने बैठक के बाद बातचीत को सकारात्मक और सार्थक बताया। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोनों दल अगले दौर की बैठक की तारीख तय करेंगे।
आराधना मिश्रा ने कहा कि आज गठबंधन के बीच सीट-दर-सीट सकारात्मक चर्चा हुई है। सभी सीटों पर एक-एक कर बातचीत की गई है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों का मत है कि सभी सीटों पर चर्चा होनी चाहिए। गठबंधन को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा और जल्द ही इसकी घोषणा कर चुनाव की तैयारियां शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि साढ़े तीन घंटे चली बैठक में सीटों पर चर्चा हुई है और अभी बातचीत समाप्त नहीं हुई है। अगली बैठक की तारीख जल्द तय की जाएगी।
सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव देने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि इनमें 20 ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को करीब दो हजार वोट मिले थे। सपा सांसद राजीव राय ने भी कहा कि सीटों की संख्या को लेकर चर्चा होगी और उनकी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है।
सपा सांसद इकरा हसन ने बातचीत को सार्थक और सकारात्मक बताते हुए कहा कि सीट बंटवारे की चर्चा में दोनों पक्ष अपनी-अपनी ओर से प्रस्ताव रखेंगे। अंतिम फैसला दोनों दलों का नेतृत्व मिलकर करेगा। उन्होंने कहा कि बातचीत अभी शुरू हुई है और इसमें एक-दो दिन और लग सकते हैं। दोनों पक्षों के प्रस्तावों पर चर्चा के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
सपा के प्रस्तावित 26 सीटों में कांग्रेस की पिछली बार जीती गई दो सीटें और वे चार सीटें शामिल हैं, जहां पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी। इसके अलावा 20 ऐसी सीटें प्रस्तावित हैं, जहां पिछले चुनाव में सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस करीब दो हजार वोटों पर सिमट गई थी। सपा ने इन सीटों के चयन में 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को आधार बनाया है। पार्टी का कहना है कि शुरुआती प्रस्ताव के अलावा अन्य सीटों पर भी चुनावी समीकरण और उम्मीदवारों की जीत की संभावनाओं के आधार पर बातचीत की जा सकती है।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने पहले 181 सीटों की सूची तैयार की थी, जिसे घटाकर अब 130 सीटों पर लाया गया है। हालांकि, कांग्रेस 100 से 140 सीटों के बीच चुनाव लड़ने की मांग पर कायम है। पार्टी इसके लिए 2017 के सपा-कांग्रेस गठबंधन का हवाला दे रही है, जब कांग्रेस ने 105 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ा था। सपा की ओर से करीब 130 सीटों पर कांग्रेस से जीत की संभावनाओं और संभावित उम्मीदवारों के जातीय तथा स्थानीय समीकरणों का ब्योरा मांगे जाने की बात भी सामने आई है।
उल्लेखनीय है कि दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर औपचारिक बातचीत सोमवार को नई दिल्ली में शुरू हुई थी। पहले दौर की बैठक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी के दिल्ली स्थित आवास पर हुई थी। इसमें सपा की ओर से प्रो. रामगोपाल यादव, सांसद राजीव राय और इकरा हसन शामिल हुए थे। कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सांसद इमरान मसूद ने हिस्सा लिया था। करीब एक घंटे चली इस बैठक में दोनों दलों ने अपनी प्राथमिकता वाली सीटों और संभावित उम्मीदवारों की शुरुआती सूची साझा की थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर