बिलकिस बानो मामले में जमानत पर उठे सवालों का बचाव पक्ष ने दिया जवाब, कहा–तथ्यों से परे मीडिया ट्रायल की कोशिश की जा रही

युगवार्ता    24-Nov-2026
Total Views |
सुप्रीम कोर्ट, छाया (फाइल फोटो)


-उच्चतम न्यायालय में एक वर्ष से अधिक समय तक 10 बार सुनवाई के बाद मिली थी दो दोषियों को जमानत, एडवोकेट आयुष आनंद ने पीड़िता की कानूनी टीम के आरोपों को बताया भ्रामक

नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म और गुजरात दंगों से जुड़े मामले में दो दोषियों को उच्चतम न्यायालय से मिली जमानत को लेकर उठे विवाद के बीच बचाव पक्ष ने अब अपना पक्ष सामने रखा है। उच्चतम न्यायालय अधिवक्ता ऑन रिकॉर्ड आयुष आनंद ने स्पष्ट किया है कि दोनों दोषियों की जमानत किसी अचानक हुई सुनवाई या गोपनीय प्रक्रिया का परिणाम नहीं थी।

अधिवक्ता आयुष आनंद ने बताया कि इसके लिए एक वर्ष से अधिक समय तक न्यायालय में सुनवाई हुई, दस बार मामला सूचीबद्ध किया गया और दोनों पक्षों को अपनी दलीलें रखने का अवसर मिला। उनके अनुसार, करीब 18 वर्ष की जेल अवधि, गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं और लंबित आपराधिक अपीलों की परिस्थितियां जमानत के लिए प्रमुख आधार बनीं। उन्होंने पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों को तथ्यात्मक रूप से गलत बताते हुए कहा है कि अनुमान और अधूरी जानकारी के आधार पर न्यायालय की कार्यवाही को सनसनीखेज बनाना न्यायिक प्रक्रिया की गरिमा के प्रतिकूल है।

दस सुनवाइयों के बाद आया जमानत का फैसला

इस संबंध में आयुष आनंद ने बताया कि उनके मुवक्किल विपिनचंद कन्हैयालाल जोशी उर्फ लाला डॉक्टर और प्रदीप रमणलाल मोधिया ने 15 अगस्त 2025 को उच्चतम न्यायालय में विशेष अनुमति याचिका दायर की थी। इसके बाद 16 सितंबर, 15 अक्टूबर, 10 नवंबर और एक दिसंबर 2025 को मामला सुनवाई के लिए सूचीबद्ध हुआ। सभी महत्वपूर्ण तथ्य और दस्तावेज न्यायालय के सामने रखे गए। विस्तृत विचार-विमर्श के बाद 17 मार्च 2026 को उच्चतम न्यायालय की पीठ ने मामले में नोटिस जारी किया।

बचाव पक्ष का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया न्यायालय के रिकॉर्ड में मौजूद है। ऐसे में यह कहना कि जमानत की कार्यवाही पीड़िता की जानकारी के बिना आगे बढ़ी, तथ्यों से मेल नहीं खाता। आनंद के अनुसार, 17 मार्च को नोटिस जारी होने की खबर एक प्रमुख मीडिया संस्थान में भी प्रकाशित हुई थी। पीड़िता की तत्कालीन कानूनी टीम समयपूर्व रिहाई से संबंधित कार्यवाही के दौरान भी इस मामले से परिचित थी और न्यायालय की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

पीड़िता के शुरुआती बयानों का भी दिया हवाला

बचाव पक्ष ने अपने बयान में मामले के तथ्यात्मक और कानूनी पहलुओं का उल्लेख करते हुए कहा है कि उसके मुवक्किल मुख्य आरोपितों की श्रेणी में नहीं थे। उन पर भीड़ में शामिल होने का आरोप था और शुरुआत में किसी प्रत्यक्ष कृत्य के लिए उनका नाम सामने नहीं आया था।

आनंद ने पीड़िता के सात मार्च और 13 मार्च 2002 के बयानों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इन बयानों में उनके मुवक्किलों के नाम दुष्कर्म के आरोप के संदर्भ में दर्ज नहीं हैं। मेडिकल परीक्षण के दौरान डॉक्टर के समक्ष दिए गए बयान का हवाला भी इसी संदर्भ में दिया गया है। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने मार्च 2026 में नोटिस जारी करते समय याचिकाकर्ता संख्या एक की शारीरिक अक्षमता और दोनों की लंबी कारावास अवधि को भी संज्ञान में लिया था।

गंभीर हृदय रोग और उम्र भी बने जमानत के आधार

जमानत के पीछे स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों को महत्वपूर्ण बताते हुए आनंद ने कहा कि उनके एक मुवक्किल को करीब 18 वर्ष जेल में रहने के बाद हृदय में गंभीर अवरोध की समस्या हुई। जेल में रहते हुए उनकी कार्डियक सर्जरी भी करानी पड़ी। दूसरे याचिकाकर्ता की उम्र अधिक है और वे गंभीर हृदय रोग से पीड़ित हैं। चिकित्सकीय परिस्थितियों को देखते हुए 12 अक्टूबर 2026 को जमानत के लिए आपराधिक विविध आवेदन दाखिल किया गया था।

सीबीआई के वकील को नोटिस, दोनों पक्षों की सुनवाई

आयुष आनंद के अनुसार, प्रक्रियात्मक कारणों से नई पीठ गठित होने के बाद 14 अक्टूबर को मामला सूचीबद्ध हुआ। इस दौरान न्यायालय ने सीबीआई के स्थायी अधिवक्ता को आवेदन की प्रति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके बाद 28 अक्टूबर 2026 को दोनों पक्षों की विस्तृत सुनवाई हुई। न्यायालय ने इस तथ्य पर विचार किया कि दोनों याचिकाकर्ता अपनी लंबित आपराधिक अपीलों के दौरान करीब 18 वर्ष जेल में बिता चुके हैं। इसके बाद उन्हें जमानत प्रदान की गई।

बचाव पक्ष का कहना है कि जमानत देने से पहले मामले की सुनवाई अलग-अलग तारीखों पर हुई और न्यायालय ने उपलब्ध तथ्यों पर विचार किया। आनंद ने यह भी बताया कि 17 मार्च को नोटिस जारी होने के बाद पांच मई, 12 मई, 11 अगस्त और 22 सितंबर 2026 को भी मामला उच्चतम न्यायालय में सूचीबद्ध हुआ था।

कैविएट दाखिल नहीं करने पर भी उठाए सवाल

पीड़िता की ओर से सुनवाई की जानकारी नहीं होने और उन्हें पक्षकार नहीं बनाए जाने के आरोपों पर बचाव पक्ष ने प्रक्रियात्मक स्थिति स्पष्ट की है। आनंद के अनुसार, पीड़िता की ओर से इस मामले में कोई कैविएट दाखिल नहीं की गई थी। कॉज टाइटल के अनुसार भी वह संबंधित कार्यवाही में पक्षकार नहीं थीं। ऐसे में लागू प्रक्रिया के तहत उन्हें पक्षकार बनाना आवश्यक नहीं था। उनका कहना है कि पीड़िता की कानूनी टीम के पास कैविएट दाखिल करने और अपने कानूनी अधिकारों का इस्तेमाल करने का विकल्प उपलब्ध था। इस प्रक्रिया में उनकी ओर से कदम नहीं उठाए जाने की जिम्मेदारी उनके मुवक्किलों या न्यायालय पर नहीं डाली जा सकती।

लंबी कैद के बाद जमानत के पूर्व उदाहरण भी गिनाए

अपने पक्ष को मजबूत करने के लिए आनंद ने उच्चतम न्यायालय के पूर्व जमानत आदेशों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने आपराधिक अपील संख्या 1554/2022 में माधव राम बनाम पतंजलि भारद्वाज एवं अन्य मामले का उदाहरण देते हुए बताया कि गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए सात अक्टूबर 2026 को 12 वर्ष की कैद के बाद जमानत दी गई थी। इसी तरह अरुण गुलाब गवली बनाम महाराष्ट्र राज्य एवं अन्य मामले में 18 वर्ष की कैद के बाद 28 अगस्त 2025 को जमानत दिए जाने का हवाला भी दिया गया है।

आनंद ने पीड़िता की ओर से उठाए गए सवालों और उसके बाद शुरू हुए मीडिया विमर्श पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि 28 अक्टूबर को जमानत मिलने के 18 दिन बाद 16 नवंबर से इस मुद्दे को जिस तरह प्रस्तुत किया जा रहा है, उससे ऐसा वातावरण बनाया जा रहा है मानो पीड़िता को न्यायालय की कार्यवाही की कोई जानकारी ही नहीं थी। उनके अनुसार, उचित कानूनी उपाय अपनाने से पहले मीडिया के माध्यम से आरोपों को सार्वजनिक करना अनुचित परंपरा को बढ़ावा देता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Tags