राष्ट्रपति ट्रंप ने दो टर्की पक्षियों को दिया जीवनदान, व्हाइट हाउस की सालाना परंपरा निभाई

युगवार्ता    25-Nov-2026
Total Views |
वाशिंगटन में मंगलवार को दोनों टर्की पक्षियों को माफी देने का कार्यक्रम व्हाइट हाउस के नए हेलीपैड पर आयोजित किया गया। फोटो -  इंटरनेट मीडिया


वाशिंगटन (अमेरिका), 25 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने थैंक्सगिविंग त्योहार से पहले व्हाइट हाउस में आयोजित एक विशेष समारोह में दो टर्की पक्षियों को जीवनदान दिया। इन पक्षियों के नाम 'फ्रीडम' और 'फेदर्स' हैं। अमेरिका में हर साल थैंक्सगिविंग से पहले राष्ट्रपति की ओर से टर्की पक्षियों को माफी देने की परंपरा है। मंगलवार को आयोजित समारोह में ट्रंप ने दोनों पक्षियों का परिचय कराया और अमेरिकी नागरिकों को थैंक्सगिविंग की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यह शुभकामना अपने परिवार और अमेरिका की प्रथम महिला की ओर से भी दी। यह व्हाइट हाउस की छुट्टियों से जुड़ी सबसे चर्चित परंपराओं में से एक है।

सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष व्हाइट हाउस में 79वां समारोह आयोजित किया गया। इसकी शुरुआत वर्ष 1947 में हुई थी। 1947 में नेशनल टर्की फेडरेशन ने तत्कालीन राष्ट्रपति हैरी ट्रूमैन को टर्की पक्षी भेंट किए थे। हालांकि, इस पक्षी को औपचारिक रूप से माफी देने की परंपरा वर्ष 1989 में तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश के कार्यकाल में शुरू हुई।

इस साल समारोह के लिए चुने गए दोनों टर्की पक्षियों को वेस्ट वर्जीनिया के फोर्ट साइबर्ट में स्कॉट और बेकी राइटसेल ने अपने फार्म पर पाला। राइटसेल परिवार पीढ़ियों से खेती कर रहा है। परिवार के लिए व्हाइट हाउस में अपने फार्म के पक्षियों को प्रस्तुत करना बड़ी उपलब्धि है। व्हाइट हाउस में दोनों टर्की पक्षियों को माफी देने का कार्यक्रम व्हाइट हाउस के नए हेलीपैड पर आयोजित किया गया। राष्ट्रपति ने कहा कि अगले साल टर्की को माफी देने का कार्यक्रम उनके नए बॉलरूम में होगा। बॉलरूम को उन्होंने अमेरिका में अब तक बनी सबसे मजबूत इमारत बताया।

स्कॉट राइटसेल ने इस आयोजन को टर्की पालने वाले किसानों के लिए बेहद खास बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसानों के लिए किसी बड़े खेल मुकाबले यानी 'सुपर बाउल' जैसा है। नेशनल टर्की फेडरेशन की अध्यक्ष क्रिस्टी पफेनबार्गर के अनुसार, इन दोनों पक्षियों को समारोह के लिए तैयार करने का काम फरवरी में ही शुरू हो गया था। जुलाई में जब वे छोटे चूजों के रूप में फार्म पर पहुंचे, तब से उनकी खास देखभाल की गई। व्हाइट हाउस में समारोह के दौरान लोगों की भीड़, कैमरों की चमक और तेज आवाजों से पक्षी घबराएं नहीं, इसके लिए राइटसेल परिवार रोजाना उन्हें इन परिस्थितियों का अभ्यस्त बनाता था।

दोनों पक्षियों का चयन उनके स्वभाव और शारीरिक बनावट को देखकर किया गया। राइटसेल के अनुसार, इसके लिए पक्षियों का सुंदर दिखना और शांत स्वभाव का होना जरूरी था। उन्होंने इसकी तुलना सौंदर्य प्रतियोगिता से की। स्कॉट राइटसेल ने कहा कि जब उन्हें इस आयोजन के लिए चुना गया तो उनका पूरा परिवार बेहद खुश हुआ। उनके फार्म पर पाले गए पक्षियों को अमेरिकी राष्ट्रपति के सामने पेश किया जाना उनके लिए गर्व की बात है।

थैंक्सगिविंग अमेरिका का प्रमुख त्योहार है। इस दिन परिवार और मित्र एक साथ भोजन करते हैं और जीवन में मिली खुशियों व अच्छी चीजों के लिए आभार जताते हैं। इस मौके पर टर्की का मांस परोसने की परंपरा भी काफी लोकप्रिय है। राष्ट्रपति की ओर से दो टर्की पक्षियों को माफी देने का मतलब है कि उन्हें खाने के लिए नहीं मारा जाएगा और वे सुरक्षित रहेंगे।

ट्रंप ने एक टर्की से कहा, फ्रीडम, इस पल से तुम्हें पूरी तरह से माफा दी जाती है। राष्ट्रपति ने बताया कि दूसरा टर्की 'फेदर्स' झाड़ियों में भाग गया, लेकिन उसे भी माफी दी जाएगी। 'फ्रीडम' और 'फेदर्स' को सोमवार को वाशिंगटन के विलार्ड इंटरकॉन्टिनेंटल होटल में प्रस्तुत किया गया। व्हाइट हाउस जाने से पहले ये दोनों वहीं एक सुइट में रुके हुए थे। व्हाइट हाउस से यह दोनों पक्षी टेक्सास के कॉलेज स्टेशन जाएंगे। वहां वे अपना बाकी जीवन बिताएंगे।

'फ्रीडम' और 'फेदर्स' को तो बख्श दिया गया है, लेकिन नेशनल टर्की फेडरेशन का अनुमान है कि इस थैंक्सगिविंग पर देश भर में लगभग 30 मिलियन टर्की लोगों की खाने की मेज तक पहुंचेंगी। राइटसेल परिवार के लिए मंगलवार का यह कार्यक्रम उन किसानों और मजदूरों को सम्मान देने का भी एक मौका है, जिनकी बदौलत इस थैंक्सगिविंग पर अमेरिकियों की थाली में भोजन पहुंच पाता है। राइटसेल ने कहा, शहरों में बहुत से लोग सोचते हैं कि खाना बस जादू से वॉलमार्ट में आ जाता है। लेकिन इसके पीछे बहुत मेहनत होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags