महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारत की लगातार पांचवीं जीत, जापान को 4-0 से दी करारी शिकस्त

युगवार्ता    25-Nov-2026
Total Views |
भारत-जापान के बीच खेले गए मैच की तस्वीर


भारत-जापान के बीच खेले गए मैच की तस्वीर


भोपाल, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चल रही महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने जापान को 4-0 से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। मुकाबले में दो गोल करने वाली दीपिका ने जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि नवनीत कौर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इस जीत के साथ भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। अब भारतीय टीम 27 नवंबर को सेमीफाइनल में मलेशिया के खिलाफ मैदान में उतरेगी। यह मुकाबला शाम सात बजे खेला जाएगा।

पहले हाफ में ही भारत ने बनाई मजबूत बढ़त

भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में बुधवार को भारत और जापान के बीच हुए मुकाबले में शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाया। इसका फायदा टीम को 11वें मिनट में मिला, जब लालरेम्सियामी ने गोल कर भारत का खाता खोला। इसके चार मिनट बाद ही दीपिका ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर बढ़त 2-0 कर दी।

दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम का दबदबा कायम रहा। 27वें मिनट में नेहा ने तीसरा गोल दागकर जापान की मुश्किलें बढ़ा दीं। इसके बाद जापान ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति को भेदने में सफल नहीं हो सकी। चौथे क्वार्टर में दीपिका ने 47वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। इसके साथ ही भारत ने 4-0 की निर्णायक बढ़त बना ली। निर्धारित समय तक जापान कोई गोल नहीं कर सका।

चीन ने कोरिया को एक गोल से हराया

चैम्पियनशिप में दिन के दूसरे मुकाबले में चीन ने कोरिया को 1-0 से पराजित किया। दोनों टीमों के बीच पहले क्वार्टर में कड़ा मुकाबला देखने को मिला और कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे क्वार्टर के 23वें मिनट में चीन की काई वेनच्येन ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद कोरिया ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन चीन की रक्षापंक्ति ने उसके हमलों को नाकाम कर दिया। आखिरी दो क्वार्टर में भी कोई गोल नहीं हुआ और चीन ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अंतिम क्वार्टर में मलेशिया ने दागे चार गोल

इससे पहले दिन के पहले मुकाबले में मलेशिया ने थाईलैंड को 4-0 से हराया। मैच के शुरुआती तीन क्वार्टर गोलरहित रहे। दोनों टीमों के बीच बराबरी का मुकाबला देखने को मिला, लेकिन चौथे क्वार्टर में मलेशिया ने आक्रामक खेल दिखाते हुए चार गोल कर दिए। नुरामिराह जुल्किफ्ली ने 54 मिनट 52 सेकंड और 59 मिनट 20 सेकंड में गोल किए। वहीं नूर अजह्र ने 55 मिनट 42 सेकंड और 59 मिनट 40 सेकंड में गेंद को गोलपोस्ट तक पहुंचाया। थाईलैंड की टीम पूरे मुकाबले में गोल नहीं कर सकी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags