मप्र की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को होगा 5वां राष्ट्रीय सतत ऊर्जा नवाचार कॉन्क्लेव, जुटेंगे देशभर के विशेषज्ञ

युगवार्ता    26-Nov-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक फोटो


- ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 की पृष्ठभूमि में ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियों और निवेश संभावनाओं पर होगा मंथन

भोपाल, 26 नवम्बर (हि.स.)। 5वें राष्ट्रीय सतत ऊर्जा नवाचार कॉन्क्लेव का आयोजन शुक्रवार, 27 नवंबर को राजधानी भोपाल स्थित कोर्टयार्ड बाय मेरियट में सुबह 10 बजे से होगा। कॉन्क्लेव में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञ और प्रौद्योगिकी प्रदाता शामिल होंगे। इसमें नवाचार, डिजिटल परिवर्तन और सतत अधोसंरचना विकास के माध्यम से प्रदेश के विद्युत क्षेत्र को और सशक्त बनाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कॉन्क्लेव को हिंदुस्तान पावर, टोरेंट पावर, अडाणी पावर, इंडीग्रिड, जिंदल स्टील, दिलीप बिल्डकॉन, सेक्यूरा, अयाना और आदित्य बिड़ला हिंडाल्को का सहयोग प्राप्त हो रहा है।

जनसंपर्क अधिकारी राजेश पाण्डेय ने गुरुवार को जानकारी दी कि 5वां राष्ट्रीय सतत ऊर्जा नवाचार कॉन्क्लेव प्रदेश की ऊर्जा क्षेत्र संबंधी प्राथमिकताओं पर संवाद को आगे बढ़ाने के साथ ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 से पहले सरकार और उद्योग जगत के बीच सार्थक सहभागिता का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। यह कॉन्क्लेव जनवरी 2027 में भोपाल में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 से पूर्व महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन के लिये आयोजित किया गया है। इसके माध्यम से प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के साथ निवेश की उभरती संभावनाओं को सामने लाया जाएगा।

साथ ही भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप ऊर्जा अधोसंरचना विकसित करने और प्रदेश की विकास एवं निवेश प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने पर संवाद किया जायेगा। कॉन्क्लेव में विद्युत उत्पादन, पारेषण और वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नवाचारी समाधानों, नीतिगत प्राथमिकताओं और उद्योग जगत की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों पर चर्चा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि श्रम एवं तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास तथा रोजगार विभाग के सचिव रघुराज एम. राजेंद्रन कॉन्क्लेव में मुख्य वक्तव्य देंगे। ऊर्जा विभाग के सचिव एवं मध्यप्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक विशेष गढ़पाले विशेष संबोधन देंगे।

कॉन्क्लेव में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी प्रदेश के विद्युत क्षेत्र की उपलब्धियों, सुशासन संबंधी पहलों और सफल क्रियान्वयन मॉडल पर अपने विचार साझा करेंगे। इसमें नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता और मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग शामिल होंगे।

डिजिटल तकनीक और साइबर सुरक्षा पर होगा विशेष फोकस

जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि कॉन्क्लेव में उभरती तकनीकों, नवाचार और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विद्युत अधोसंरचना के विकास पर विशेष सत्र होंगे। इनमें तकनीक के उपयोग, परिचालन दक्षता और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान के माध्यम से विद्युत उत्पादन, पारेषण एवं वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर चर्चा होगी।

ऊर्जा क्षेत्र में सूचना प्रौद्योगिकी की बढ़ती भूमिका को देखते हुए विद्युत कंपनियों के डिजिटल परिवर्तन की रूपरेखा पर भी विचार किया जाएगा। इसमें डेटा, एनालिटिक्स और उभरती तकनीकों के उपयोग से बेहतर निर्णय लेने, परिचालन प्रदर्शन में सुधार और उपभोक्ता सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर चर्चा होगी।

साइबर सुरक्षा और डिजिटल विश्वास भी कॉन्क्लेव के प्रमुख विषय होंगे। इस दौरान विद्युत व्यवस्था को साइबर खतरों से सुरक्षित रखने, विद्युत कंपनियों की डिजिटल सुरक्षा एवं परिचालन क्षमता मजबूत करने और उभरते डिजिटल खतरों से निपटने के प्रभावी उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Tags