आईएफएफआई में 27 नवंबर को दिखाई जाएगी 'डेमोग्राफी इज डेस्टिनी' डॉक्यूमेंट्री

युगवार्ता    26-Nov-2026
Total Views |
डेमोग्राफी इज डेस्टिनी - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, (हि.स.) 26 नवंबर (हि.स.)। भारत में बदलती जनसंख्या संरचना और उसके सामाजिक-राजनीतिक प्रभावों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री 'डेमोग्राफी इज डेस्टिनी' की स्क्रीनिंग 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-2026 (आईएफएफआई) में होगी। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार एवं 'द केरल स्टोरी 2' के निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह और अंशुमान शेखर के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण रवींद्र सांघवी ने किया है। फिल्म 27 नवंबर को गोवा में महोत्सव के इंडियन पैनोरमा गैर-फीचर फिल्म खंड में प्रदर्शित की जाएगी।

डॉक्यूमेंट्री में ऐतिहासिक आंकड़ों, जनगणना और क्षेत्रीय अध्ययनों के जरिए भारत में धार्मिक समुदायों की बदलती आबादी का विश्लेषण किया गया है। फिल्म के अनुसार 1881 में बहुसंख्यक समुदाय की आबादी करीब 82 प्रतिशत थी, जो 1941 में घटकर 70 प्रतिशत रह गई। 1951 में यह आंकड़ा 84 प्रतिशत हुआ, जबकि 2011 में करीब 79 प्रतिशत दर्ज किया गया। फिल्म में कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल और असम सहित कई क्षेत्रों में जनसांख्यिकीय बदलावों पर भी चर्चा की गई है।

फिल्म में अवैध घुसपैठ, धार्मिक धर्मांतरण, पलायन और घटती प्रजनन दर जैसे मुद्दों के साथ यूरोप और अमेरिका में बदलती जनसंख्या परिस्थितियों का भी विश्लेषण किया गया है। निर्देशक अंशुमान शेखर ने कहा कि फिल्म जनसांख्यिकीय असंतुलन के चार प्रमुख कारणों और राष्ट्रीय सुरक्षा पर उनके प्रभावों को सामने रखती है। निर्माता रवींद्र सांघवी ने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के इस विषय को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करना उनके लिए सम्मान की बात है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags