दिल्ली में 27 नवंबर से सजेगा ‘कारीगर बाज़ार’

युगवार्ता    26-Nov-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आगामी शुक्रवार से 10 दिवसीय ‘कारीगर बाज़ार’ का दूसरा संस्करण शुरू होगा। इसका उद्देश्य भारत की समृद्ध पारंपरिक कला और हस्तशिल्प विरासत को बढ़ावा देना है।

क्राफ्ट एंड आर्टिजन रिवाइवल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में देश के 26 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 250 से अधिक कारीगर तथा शिल्पकार हिस्सा लेंगे। इनमें राष्ट्रीय पुरस्कार एवं संत कबीर पुरस्कार से सम्मानित शिल्पकारों के साथ-साथ जीआई टैग प्राप्त कला के विशेषज्ञ, पारंपरिक बुनकर, महिला कारीगर, स्वयं सहायता समूह और उभरते उद्यमी शामिल होंगे।

बाज़ार में आगंतुकों को देश के विभिन्न हिस्सों की हस्तनिर्मित कलाकृतियों और पारंपरिक उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला देखने को मिलेगी। इनमें मुख्य रूप से वस्त्र एवं कढ़ाई में बनारसी, चंदेरी, महेश्वरी, इकत, ब्लॉक प्रिंटिंग, चिकनकारी और कच्छ कढ़ाई, चित्रकला एवं शिल्प में मधुबनी एवं गोंड चित्रकला, टेराकोटा, ब्लू पॉटरी और धातु एवं लकड़ी की नक्काशी, अन्य उत्पादों में पारंपरिक आभूषण और पर्यावरण के अनुकूल (इको-फ्रेंडली) हस्तशिल्प शामिल हैं।

इस संस्करण में ‘कारीगर एक्सपीरियंस सेंटर’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां आने वाले लोग बुनाई, कढ़ाई, मिट्टी के बर्तन बनाने, चित्रकला और नक्काशी जैसी पारंपरिक कलाओं का लाइव प्रदर्शन देख सकेंगे। इसका उद्देश्य लोगों को उत्पादों के साथ-साथ उनके पीछे की तकनीक और कारीगरों की पीढ़ियों से चली आ रही विरासत से रूबरू कराना है।

कारीगर बाज़ार के निदेशक एवं सह-संस्थापक आमिर खान ने बताया कि पहले संस्करण की शानदार सफलता के बाद इस बार आयोजन को और बड़े स्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मंच का मुख्य उद्देश्य कारीगरों को पहचान दिलाना और उन्हें सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ना है।

वहीं, निदेशक एवं सह-संस्थापक पंकज सिंह राणा ने कहा कि इस पहल के जरिए देश की विविध शिल्प परंपराओं को व्यापक पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है, जहां राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं से लेकर छोटे कारीगर समूहों और महिला स्वयं सहायता समूहों तक, सभी को अपनी कला प्रदर्शित करने का समान अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags