धर्मशाला, 26 नवंबर (हि.स.)। फिट इंडिया अभियान के तहत धर्मशाला में रविवार 29 नवंबर को ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण विशेष रूप से मनाया जाएगा। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र धर्मशाला और मेरा युवा भारत कांगड़ा के संयुक्त तत्वावधान में खेल परिसर में सुबह आठ बजे कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान करीब 40 साइकिल सवारों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इसके अलावा प्रतिभागियों के लिए जुंबा, रस्सी कूद, योग और विभिन्न खेल गतिविधियां भी आयोजित होंगी। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में स्थानीय समुदाय, खिलाड़ियों और आसपास के कॉलेजों व स्कूलों के विद्यार्थियों सहित 180 से अधिक लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। योल कैंट से भी 21 साइकिल सवारों की भागीदारी प्रस्तावित है।
कार्यक्रम में कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक, योगाचार्य रंजीत सिंह, फिट इंडिया के प्रतिनिधि, योल कैंट के अधिकारी और खेल जगत से जुड़ी हस्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा। साई के केंद्र प्रभारी स्वागत संबोधन देंगे, जबकि मेरा युवा भारत के ध्रुव डोगरा धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2019 में फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत की थी। इसी अभियान के तहत 17 दिसंबर 2024 को ‘संडेज ऑन साइकिल’ की शुरुआत हुई थी। इसका उद्देश्य साइकिलिंग को जन आंदोलन बनाकर लोगों को शारीरिक रूप से स्वस्थ और फिट रहने के लिए प्रेरित करना है। इस अभियान के तहत देशभर में 30 लाख से अधिक साइकिलिंग प्रेमियों की भागीदारी दर्ज की जा चुकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया