नेपाल की कृषि मंत्री गीता चौधरी ने स्कूटर से पहुंचकर मीट कोल्ड स्टोरेज का किया औचक निरीक्षण

युगवार्ता    26-Nov-2026
Total Views |
स्कूटर पर सवार होकर निरीक्षण के लिए निकली कृषि मंत्री


काठमांडू, 26 नवंबर (हि.स.)। नेपाल की कृषि, वन तथा पर्यावरण मंत्री गीता चौधरी ने मांस उत्पादों की स्वच्छता, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की स्थिति जानने के लिए काठमांडू के बालाजू और सीतापाइला स्थित मीट कोल्ड स्टोरेज का औचक निरीक्षण किया। खास बात यह रही कि मंत्री चौधरी खुद स्कूटर चलाकर निरीक्षण के लिए पहुंचीं। उनके स्कूटर पर पीछे निजी सुरक्षा अधिकारी बैठे हुए थे।

मंत्री चौधरी ललितपुर स्थित जावलाखेल क्वार्टर से स्कूटर चलाकर निकलीं और सबसे पहले बालाजू स्थित वैली कोल्ड स्टोर पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने सीतापाइला स्थित बुढाथोकी कोल्ड स्टोर का भी निरीक्षण किया। उनके सचिवालय की सदस्य सरिता चौधरी ने इसकी जानकारी दी। मंत्री के सचिवालय के अनुसार यह निरीक्षण 17 नवंबर से लागू किए गए 'पशु वधशाला तथा मांस जांच अधिनियम, 2026 के कार्यान्वयन की स्थिति का जायजा लेने के लिए किया गया।

काठमांडू घाटी के तीनों जिलों में लागू हुआ कानून

सरकार ने उपभोक्ताओं को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मांस उपलब्ध कराने के उद्देश्य से काठमांडू घाटी के तीनों जिलों- काठमांडू, ललितपुर और भक्तपुर के सभी स्थानीय निकायों में इस कानून को औपचारिक रूप से लागू किया है। औचक निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कोल्ड स्टोरेज में मांस के भंडारण की व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वच्छता, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों के पालन की जांच की। उन्होंने उपभोक्ताओं के स्वच्छ, स्वस्थ और गुणवत्तापूर्ण मांस का उपभोग करने के अधिकार को सुनिश्चित करने के लिए कानून का प्रभावी कार्यान्वयन और निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य बताया।

सरकार का कहना है कि इस कानून के प्रभावी कार्यान्वयन से मांस की खरीद, भंडारण और बिक्री की व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags