संविधान के अपमान को लेकर अपने अतीत पर नजर डाले कांग्रेसः शिवराज

युगवार्ता    26-Nov-2026
Total Views |
Shivraj Singh Chouhan will attend the birth anniversary celebrations of Karpuri Thakur in Bihar today


नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को संविधान दिवस पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संविधान के अपमान को लेकर दूसरों पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस खुद कटघरे में खड़ी है। लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस का इतिहास ही संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के अपमान से जुड़ा रहा है। दूसरों पर आरोप लगाने से पहले उसको अपने अतीत पर नजर डालनी चाहिए।

चौहान ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि देश में आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचाया था। आपातकाल के दौरान डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों को जेलों में बंद किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने खुद को प्रधानमंत्री पद पर बनाए रखने के लिए न्यायिक समीक्षा से बाहर करने का प्रयास किया था।

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस शासनकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश में 100 से ज्यादा निर्वाचित सरकारों को भंग किया। अकेले इंदिरा गांधी के कार्यकाल में लगभग 50 निर्वाचित सरकारें बर्खास्त की गईं। कांग्रेस ने लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकारों को कपड़ों की तरह बदला। लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस का इतिहास ही संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के अपमान से जुड़ा रहा है। ऐसे में दूसरों पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस को अपने अतीत पर नजर डालनी चाहिए।

शिवराज सिंह चौहान ने यूपीए सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए राष्ट्रीय सलाहकार परिषद (एनएसी) को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि तत्कालीन सरकार में निर्वाचित सरकार के ऊपर राष्ट्रीय सलाहकार परिषद बैठाई गई थी।

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की कैबिनेट के फैसले को राहुल गांधी ने सार्वजनिक रूप से फाड़कर फेंक दिया था। यह केवल कैबिनेट के फैसले का अपमान नहीं था, बल्कि तत्कालीन प्रधानमंत्री और पूरी कैबिनेट का भी अपमान था।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने लगातार संविधान की मर्यादाओं और लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करने का काम किया है। संविधान की धज्जियां उड़ाने का काम कांग्रेस ने किया और आज वही पार्टी संविधान के सम्मान की बात कर रही है।

उन्होंने कहा कि जो लोग आज संविधान के नाम पर दूसरों की घेराबंदी करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें पहले अपने इतिहास का जवाब देना चाहिए। संविधान के अपमान के मामले में कांग्रेस खुद कटघरे में खड़ी है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Tags