एसए20 : डरबन सुपर जायंट्स के नए मुख्य कोच बने केन विलियमसन

युगवार्ता    26-Nov-2026
Total Views |
केन विलियमसन


जोहानसबर्ग, 26 नवंबर (हि.स.)।

डरबन सुपर जायंट्स ने एसए20 के पांचवें सत्र के लिए न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन को अपना नया मुख्य कोच नियुक्त किया है।

विलियमसन इससे पहले एसए20 के तीसरे और चौथे सत्र में खिलाड़ी के रूप में इस फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अब वह कोच की भूमिका में किंग्समीड लौटेंगे। वह दक्षिण अफ्रीका के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी लांस क्लूजनर की जगह लेंगे।

क्लूजनर लीग की शुरुआत से ही पिछले चार सत्रों से डरबन की टीम के मुख्य कोच रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में टीम ने दूसरे सत्र में उपविजेता रहकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।

36 वर्षीय विलियमसन को शुरुआत में पांचवें सत्र के लिए डरबन सुपर जायंट्स की टीम में शामिल किया गया था, लेकिन अब उन्हें कोच की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। उनकी जगह लेने वाले खिलाड़ी के नाम की घोषणा बाद में की जाएगी।

अपनी पीढ़ी के बेहतरीन बल्लेबाजों में गिने जाने वाले विलियमसन के पास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व का व्यापक अनुभव है। उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड ने 2019 के आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई थी। इस टूर्नामेंट में विलियमसन को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। इसके बाद उन्होंने 2021 में पहले आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में न्यूजीलैंड को खिताबी जीत दिलाई थी।

इस नियुक्ति के साथ आरपी-संजीव गोयनका समूह के साथ विलियमसन का जुड़ाव और मजबूत हुआ है। अक्टूबर 2025 में वह 2026 आईपीएल सत्र से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के रणनीतिक सलाहकार बने थे। इसके अलावा वह द हंड्रेड में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के पुरुष बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

एडेन मार्करम एक बार फिर डरबन सुपर जायंट्स की कप्तानी करेंगे। उन्होंने पिछले सत्र में पहली बार टीम का नेतृत्व किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags