उज्ज्वला योजना ने 2025-26 में भारतीय घरों से 15 फीसदी पीएम2.5 उत्सर्जन रोकने में मदद की : सीईईडब्ल्यू सर्वे

युगवार्ता    26-Nov-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) ने भारत के वायु प्रदूषण को घटाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इससे वित्त वर्ष 2025-26 में घरों से होने वाले करीब 15 फीसदी पीएम2.5 उत्सर्जन रुका है। ये जानकारी 'काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वॉटर' (सीईईडब्ल्यू) के एक नए अध्ययन से सामने आई है।

सीईईडब्ल्यू के फेलो डॉ. अभिषेक कर ने गुरुवार को इस सर्वे के बारे में बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में पीएमयूवाई ने घरों से अनुमानित 834 किलोटन प्राथमिक पीएम2.5 का भी उत्सर्जन रोका। हालांकि, सिंधु-गंगा मैदान (आईजीपी) के सबसे प्रदूषित इलाकों में खाना पकाने में लकड़ी, उपले, फसल अवशेष, कोयला और केरोसिन तेल का इस्तेमाल प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत मौजूद है, जिसकी कुल प्राथमिक पीएम2.5 उत्सर्जन में हिस्सेदारी 36-49 फीसदी है।

डॉ. अभिषेक ने बताया कि पीएमयूवाई के लाभों को विस्तार देने के लिए अध्ययन ने सिंधु-गंगा मैदान में पीएमयूवाई परिवारों के लिए दो उपाय सुझाव दिए हैं, जिसमें पहला, सर्दियों में एलपीजी रिफिल पर अतिरिक्त सब्सिडी (विंटर टॉप-अप) देना और दूसरा, इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों की खरीद पर पूंजीगत सब्सिडी उपलब्ध कराना है। इन उपायों को एलपीजी, इलेक्ट्रिक कुकिंग और बायोगैस जैसे स्वच्छ ईंधन विकल्पों का भी समर्थन मिलना चाहिए, ताकि स्वच्छ हवा के लिए भारी-भरकम आयात बिल का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि सीईईडब्ल्यू का यह अध्ययन ऐसे समय में आया है, जब सर्दियों की धुंध पूरे मैदानी इलाके पर छाने लगी है और दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान के चरण एक और दो लागू हैं। भले ही इस पर बात सबसे अधिक ध्यान रहता है कि पराली जलाने और दीपावली के पटाखों से प्रदूषण में कैसे अचानक तेजी आ जाती है, लेकिन इसके विपरीत आईजीपी के सबसे प्रदूषित इलाकों में घरों का ईंधन पीएम2.5 उत्सर्जन का अकेला सबसे बड़ा स्रोत है।

यह ईंधन पूरे साल जलता है और हर सर्दी में बढ़ जाता है, क्योंकि परिवार सर्दी से बचने के लिए भी ईंधन जलाते हैं। चूंकि प्रदूषित हवा राज्यों की सीमाएं नहीं मानती है और खुद सरकार आईजीपी को 'एक विशाल एयरशेड' मानती है। इसलिए इस अध्ययन का तर्क है कि सिर्फ शहर-दर-शहर कदम उठाकर हवा को साफ नहीं किया जा सकता है। चूंकि घरों में इस्तेमाल होने वाली ऊर्जा का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा खाना पकाने में खर्च होता है, इसलिए प्रदूषणकारी ईंधन से स्वच्छ ईंधन की तरफ जाना ही घरों के अधिकतर उत्सर्जन को रोकने का एकमात्र रास्ता है।

उन्होंने कहा, अब हम संख्या में बता सकते हैं कि उज्ज्वला योजना ने भारत की हवा को क्या लाभ पहुंचाया है, लेकिन कई परिवार अब भी एलपीजी के साथ-साथ लकड़ी पर भी खाना पकाते हैं, क्योंकि उनके लिए अगला रिफिल खरीदना मुश्किल होता है और सिंधु-गंगा मैदान के सबसे प्रदूषित इलाकों में खाना पकाना PM2.5 उत्सर्जन का अकेला सबसे बड़ा स्रोत है। विंटर टॉप-अप से अगला एलपीजी रिफिल उस वक्त सबसे अधिक किफायती हो जाएगा, जब प्रदूषण की स्थिति सबसे ज्यादा खराब होती है। इसलिए जहां पर भी व्यावहारिक हो, वहां पर इलेक्ट्रिक कुकिंग और बायोगैस का इस्तेमाल परिवारों की किसी एक आयातित ईंधन पर निर्भरता घटा सकता है। भारत को स्वच्छ हवा और नियंत्रित आयात बिल, दोनों की जरूरत है, न कि एक की कीमत पर दूसरे की।

डॉ. अभिषेक ने कहा कि सीईईडब्ल्यू अध्ययन में एक दशक की वास्तविक एलपीजी बिक्री की तुलना एक ऐसे परिदृश्य से की गई है, जिसमें पीएमयूवाई शुरू नहीं हुई थी और एलपीजी कनेक्शन 2016 से पहले की दर से आगे बढ़ रहे थे। वित्त वर्ष 2025-26 तक वास्तविक बिक्री 28.7 मिलियन टन रही, जबकि पीएमयूवाई शुरू न होने के परिदृश्य में यह बिक्री 22.9 मिलियन टन होती। एक दशक में अतिरिक्त एलपीजी वितरण ने लगभग 4,963 किलोटन पीएम2.5 और 132 किलोटन ब्लैक कार्बन के उत्सर्जन को टाला, जिसमें अकेले वित्त वर्ष 2025-26 का 834 किलोटन पीएम2.5 शामिल है।

उन्होंने कहा कि अब 10.5 करोड़ से अधिक महिलाओं के पास पीएमयूवाई कनेक्शन है। हालांकि पूरे मैदानी इलाके में इसकी प्रगति एक जैसी नहीं है। 2023-24 के सरकारी सर्वेक्षण आंकड़ों के अनुसार पंजाब में 90 फीसदी परिवारों के लिए एलपीजी खाना पकाने का मुख्य ईंधन है, जबकि उत्तर प्रदेश में 61 फीसदी, बिहार में 47 फीसदी और झारखंड में 40 फीसदी परिवारों के लिए यह खाना पकाने का मुख्य ईंधन है।

डॉ. अभिषेक ने कहा कि उत्तर प्रदेश और झारखंड के ग्रामीण परिवारों पर सीईईडब्ल्यू के अपने सर्वेक्षण में सामने आया कि क्रमशः 44 एवं 66 फीसदी परिवार खाना पकाने के लिए सिर्फ ठोस ईंधन का इस्तेमाल करते हैं। दोनों राज्यों में प्रत्येक 10 में से 1 से भी कम परिवार सिर्फ स्वच्छ ईंधन से खाना पकाते है, जहां रिफिल की कीमत सबसे बड़ी बाधा थी तो घरों तक एलपीजी रिफिल डिलीवरी का अनियमित होना दूसरी बड़ी बाधा रही। शहरों में एलपीजी के लिए नामांकन की कमी है। 10 भारतीय शहरों में एलपीजी इस्तेमाल करने वाले प्रवासी मजदूरों के बीच किए गए एक सर्वे में सिर्फ लगभग 4 फीसदी प्रवासी मजदूर पीएमयूवाई के लाभार्थी पाए गए। पीएमयूवाई 2.0 के तहत अब प्रवासी व्यक्ति स्वयं अपना पता घोषित कर सकते हैं, इसलिए अध्ययन का कहना है कि अब बाधा कागजी कार्यवाही की नहीं, बल्कि जागरूकता से जुड़ी है।

पीएमयूवाई के अगले चरण पर कितना खर्च आ सकता है-

डॉ. अभिषेक ने कहा कि दिल्ली में पीएमयूवाई परिवार एक सिलेंडर के लिए 300 रुपये की सब्सिडी के बाद लगभग 642 रुपये चुकाते हैं। यह सब्सिडी जून 2026 से साल में अधिकतम चार सिलेंडरों पर मिल रही है। उन्होंने कहा कि अध्ययन का सुझाव है कि अक्टूबर से मार्च के बीच, जब पूरे मैदानी इलाके में प्रदूषण अपने चरम पर होता है, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में इन चार सिलेंडरों में प्रत्येक पर 200 रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी देनी चाहिए। इससे मौजूदा कीमत पर एक रिफिल लगभग 442 रुपये हो जाएगा, जिस पर सालाना अनुमानित रूप से 4,000 करोड़ रुपये तक खर्च आएगा। 400 रुपये प्रति रिफिल एक ऐसी कीमत है, जिस पर सर्वे में शामिल प्रत्येक पांच में से चार परिवारों ने कहा कि वे सिर्फ एलपीजी पर खाना पकाएंगे, हालांकि ये जवाब परिवारों ने खुद ही दर्ज किए थे। विंटर टॉप-अप प्रत्येक सिलेंडर पर 200 रुपये निश्चित रहेगा, जबकि दो रिफिल के बीच कम से कम 25 दिन का अंतर होगा, ताकि लागत का अंदाजा पहले से रहे और इसका दुरुपयोग भी रोका जा सके।

उन्होंने कहा कि अगर केंद्र की सब्सिडी वर्ष में चार सिलेंडरों तक सीमित रहती है तो सीईईडब्ल्यू के अध्ययन का सुझाव है कि आईजीपी की राज्य सरकारें गैर-सर्दी वाले महीनों (अप्रैल-सितंबर) में कम से कम दो सिलेंडरों पर 300 रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान करें। अगर 80 प्रतिशत पीएमयूवाई परिवार इसका लाभ लेते हैं तो राज्य सरकारों का सालाना लगभग 2,400 करोड़ रुपये खर्च होगा, जो उनके कुल बजट के 0.1 प्रतिशत से भी कम होगा।

विंटर टॉप-अप के अलावा, सीईईडब्ल्यू अध्ययन का सुझाव है कि भारत के 25,000 से अधिक एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर प्रमाणित इंडक्शन कुकटॉप और इलेक्ट्रिक प्रेशर कुकर की छूट के साथ बिक्री करें। यह छूट उन्हीं परिवारों को मिले जो सब्सिडी वाले अपने चार सिलेंडरों में से दो सिलेंडर छोड़ दें। सबसे गरीब परिवारों के लिए, जो कम सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं, कुकटॉप चूल्हे को हटा देता है। इससे भले ही बहुत कम एलपीजी बचत होती है, लेकिन अध्ययन का सुझाव है कि वायु गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करने के लिए सरकार को इस अंतर के लिए सार्वजनिक हित के रूप में फंड देना चाहिए। भारत में तीन या उससे अधिक मवेशियों वाले लगभग 4 करोड़ परिवार हैं, लेकिन 1 प्रतिशत से भी कम ग्रामीण परिवार बायोगैस को मुख्य ईंधन के रूप में इस्तेमाल करते हैं। 10 साल में एक पीएमयूवाई परिवार पर एलपीजी सब्सिडी और अंडर-रिकवरी के तौर पर 24,000 रुपये खर्च होते हैं, जिनसे एक छोटी बायोगैस यूनिट की आधी लागत निकल सकती है।

सीईईडब्ल्यू और अध्ययन के प्रमुख लेखक राहुल दास ने कहा, सर्वे में शामिल परिवारों ने सबसे अधिक बार यही कहा कि अगली रिफिल की ऊंची कीमत के कारण वे एलपीजी के साथ लकड़ी भी जलाते हैं। ऐसे में विंटर टॉप-अप से यह परेशानी कम होगी, लेकिन यह लाभ सिर्फ उन्हीं को मिल पाएगा, जो पहले से इस योजना में नामांकित हैं और जब तक एलपीजी उपलब्ध है। इसलिए नामांकन अभियान चलाने और रसोई में इलेक्ट्रिक कुकटॉप जैसे एक दूसरे स्वच्छ विकल्प को बढ़ावा देना भी उतना ही जरूरी है।

सीईईडब्ल्यू अध्ययन का सुझाव है कि पीएमयूवाई सब्सिडी को नए सिरे से खाना पकाने के स्वच्छ साधनों के लिए एक ऐसी सब्सिडी के रूप में बनाना चाहिए, जो किसी एक ईंधन या तकनीक से बंधी न हो। इससे परिवार स्थानीय आपूर्ति और अपनी जरूरतों के अनुसार एलपीजी, इलेक्ट्रिक कुकिंग या बायोगैस के स्वच्छ ईंधनों का एक संयोजन तैयार कर पाएंगे। हालांकि, ये सिफारिशें आईजीपी के लिए लिखी गई हैं, लेकिन ये ऐसे किसी भी एयरशेड क्षेत्र पर लागू होंगी, जहां वायु गुणवत्ता खराब हो रही है और पीएम2.5 का औसत स्तर राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता मानक से 1.5 गुना या उससे अधिक है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags