एआई कभी मानवीय संवेदना का स्थान नहीं ले सकेगा : बॉलीवुड फिल्मकार

युगवार्ता    27-Nov-2026
Total Views |
Panel Discussion among Great Filmmakers of Bollywood including Ashutosh Govarikar, Madhur Bhandarkar and Farhan Akhtar


पणजी, 27 नवंबर (हि.स.)। बॉलीवुड के फिल्मकारों का मानना है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) फिल्म निर्माण में एक सहायक तकनीक से अधिक नहीं हो सकती है और आने वाले समय में भी मानवीय संवेदना का प्रभुत्व रहेगा और ऐसी फिल्में ही जनता में मन मस्तिष्क में जगह बना पाएंगी।

57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में शुक्रवार को यहां कला अकादमी में दि लेजेन्डरी 25 परिचर्चा का आयोजन किया गया जिसमें उन तीन दूरदर्शी फ़िल्मकारों की पच्चीस वर्ष पहले बनी कामयाब फिल्मों का जायज़ा लिया गया, जिन्होंने सहस्राब्दी के बदलते दौर (2001) के आसपास समकालीन भारतीय सिनेमा के स्वरूप को पूरी तरह बदल दिया। इसमें आशुतोष गोवारीकर (जिनकी 2001 की फ़िल्म 'लगान' को ऑस्कर नामांकन मिला), फ़रहान अख्तर (जिनकी पहली ही फ़िल्म 'दिल चाहता है' ने युवा संस्कृति को नई परिभाषा दी) और मधुर भंडारकर (जिनकी फ़िल्म 'चांदनी बार' ने यथार्थवादी डॉक्यूड्रामा की शुरुआत की) एक साथ आते हैं।

वर्ष 2001 की इन कालजयी फ़िल्मों के बाद से ये तीनों निर्देशक अपनी 25 साल की कलात्मक यात्रा, सीमाओं को लांघने वाले सिनेमा और उद्योग पर पड़े अपने स्थायी प्रभाव पर विचार साझा करते हैं, साथ ही मुख्यधारा की परंपराओं को चुनौती देने और ऐसी प्रेरणादायक सिनेमाई विरासत रचने के लिए ज़रूरी रचनात्मक साहस को रेखांकित करते हैं। अभिनेत्री खुश्बू सुंदर ने इस 90 मिनट की परिचर्चा का संचालन किया। उन्होंने तीनों फिल्मों के निर्माण के विभिन्न पहलुओं पर खुल कर बात की।

एक सवाल के जवाब में आशुतोष गोवारीकर ने बताया कि ऐतिहासिक एवं पुरातत्व पर आधारित फिल्मों के निर्माण के पहले डेढ़ से दो साल शोध कार्य में लगाते हैं। उनका मानना है कि इतिहास और पुरातात्विक तथ्यों के दायरे में ही फिल्म का कथानक रहना चाहिए और वह इसके लिए विषय के अनेक विशेषज्ञों से बात करते हैं।

लगान फिल्म के निर्माण के पहले की एक घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की गांव की पृष्ठभूमि वाली फिल्म में धोती पहनने वाले नायक भुवन के किरदार के लिए आमिर खान को राज़ी करने में डेढ़ साल लग गए थे।

फरहान अख्तर ने कहा कि उनके पिता जावेद अख्तर ने उन्हें सिखाया है कि कभी भी जनता के सामने किसी तरह का दंभ नहीं करना चाहिए। केवल अपना काम ईमानदारी से करके सामने रख देना चाहिए और जनता के फैसले का सम्मान करना चाहिए।

यह पूछे जाने पर कि एआई के इस्तेमाल से आने वाले पांच साल बाद वह क्या तस्वीर देख रहे हैं, आशुतोष गोवारीकर ने कहा कि एआई को लेकर बेमतलब का हौव्वा खड़ा किया जा रहा है। उसे केवल एक सहायक टूल के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह खुद भी अपने काम में एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं लेकिन एआई के ऊपर मानवीय संवेदना हमेशा रहेगी।

मधुर भंडारकर और फरहान ने भी सहमति जताई और कहा कि फिल्मों की पहचान तकनीक नहीं हो सकती। मानवीय संवेदनाओं से ही फिल्म की कहानी कही जाएगी। पांच क्या पचास साल बाद भी मानवीय संवेदना ही सर्वोपरि रहेगी।

भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 20 नवंबर को शुरू हुआ था और शनिवार को इसका समापन होगा। सीमाओं के पार की कहानियाँ की थीम पर आधारित इस फिल्म महोत्सव का यह संस्करण, भारत और दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं, सिनेमा पेशेवरों और फिल्म प्रेमियों को एक मंच पर लाने में सफल रहा, ताकि वे वैश्विक सिनेमा की विविधता और उसकी भावना का जश्न मना सकें।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया

Tags