हिंद महासागर में शांति, सुरक्षा व विकास सुनिश्चित करना सामूहिक जिम्मेदारी : जयशंकर

युगवार्ता    27-Nov-2026
Total Views |
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को यहां आईओआरए की 25वीं मंत्रिपरिषद बैठक की अध्यक्षता करते हुए


नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करना सभी सदस्य देशों की सामूहिक जिम्मेदारी है। बदलती भू-राजनीतिक परिस्थितियों में हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (आईओआरए) को अपनी सामूहिक आवाज मजबूत करने और एक समावेशी क्षेत्रीय मंच के रूप में अपनी भूमिका को और प्रभावी बनाने की जरूरत है।

जयशंकर ने यहां आईओआरए की 25वीं मंत्रिपरिषद बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, संपर्क और आर्थिक समृद्धि के लिहाज से केंद्रीय महत्व रखता है। यह क्षेत्र अपार विविधता, अवसरों और साझा चुनौतियों से भरा है। ऐसे में सभी देशों की जिम्मेदारी है कि इसे शांतिपूर्ण, स्थिर और सुरक्षित बनाए रखने के साथ विकास के अनुकूल बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि आईओआरए के प्रति भारत का दृष्टिकोण और संगठन की अध्यक्षता विजन महासागर (महासागर) से निर्देशित है। इसका आशय विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र प्रगति सुनिश्चित करना है। यह भारत के पहले के सागर यानी क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाता है।

विदेश मंत्री ने कहा कि भारत की अध्यक्षता का विषय हिंद महासागर क्षेत्र में ‘नवाचार, खुलापन, लचीलापन और अनुकूलन क्षमता’ है। ये सिद्धांत इस विश्वास को दर्शाते हैं कि आईओआरए को बदलते क्षेत्रीय और वैश्विक वातावरण के प्रति संवेदनशील और अनुकूल बने रहना चाहिए तथा अपने सदस्य देशों को ठोस लाभ पहुंचाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत अपनी अध्यक्षता के दौरान आईओआरए के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों और उनसे जुड़े अन्य मुद्दों पर सहयोग मजबूत करने, संवाद साझेदारों के साथ भागीदारी गहरी करने, व्यावहारिक क्षेत्रीय पहलों को बढ़ावा देने तथा संगठन की वित्तीय एवं संस्थागत क्षमता मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है।

जयशंकर ने कहा कि क्षेत्र में आईओआरए की व्यापक भूमिका को प्रभावी ढंग से निभाने के लिए उसकी संस्थागत नींव मजबूत करना आवश्यक है। इस संदर्भ में बैठक का विषय ‘मजबूत क्षेत्रीय आवाज : बदलती वैश्विक व्यवस्था में आईओआरए की स्थिति’ विशेष रूप से प्रासंगिक है।

उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक बदलावों के दौर में आईओआरए को अपनी सामूहिक आवाज बुलंद करने और एक समावेशी क्षेत्रीय मंच के रूप में अपनी भूमिका को मजबूत करने की आवश्यकता है। इसके लिए सदस्य देशों के बीच बेहतर समन्वय, संवाद साझेदारों के साथ सार्थक सहयोग और व्यावहारिक क्षेत्रीय सहयोग पर विशेष ध्यान देना होगा।

विदेश मंत्री ने विश्वास जताया कि बैठक में होने वाला विचार-विमर्श इन उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में मददगार होगा और आईओआरए के भविष्य के लिए स्पष्ट दिशा तय करेगा। उन्होंने प्रतिनिधियों से रचनात्मक चर्चा और अपने बहुमूल्य सुझाव देने का आह्वान किया।

भारत की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक को लेकर जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बैठक में अपने उद्घाटन भाषण के दौरान उन्होंने हिंद महासागर के रणनीतिक एवं आर्थिक महत्व, भारत के ‘विजन महासागर’ और आईओआरए को बदलती वैश्विक व्यवस्था में मजबूत क्षेत्रीय मंच बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

जयशंकर ने आईओआरए की पिछली अध्यक्षता के दौरान नेतृत्व के लिए श्रीलंका की सराहना की और संगठन के उपाध्यक्ष एवं भावी अध्यक्ष मॉरीशस का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत साझा उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों और संगठन के सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम करने को उत्सुक है।

उल्लेखनीय है कि भारत की अध्यक्षता में आयोजित यह आईओआरए की पहली मंत्रिपरिषद बैठक है। इसमें संगठन के सदस्य देशों, संवाद साझेदारों, विशेषज्ञ एजेंसियों, पर्यवेक्षकों और अन्य प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags