केजरीवाल का ‘शीश महल’ खुला, महंगे फर्नीचर कीमत के साथ प्रदर्शित

युगवार्ता    27-Nov-2026
Total Views |
शीश महल के अंदर की तस्वीर


-मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बोलीं, जनता की खून-पसीने की कमाई से बनाया गया आलीशान ‘शीश महल’

नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व सरकारी आवास 'शीश महल' को शुक्रवार को मीडिया के लिए खोला है। ‘शीश महल’ में रखे महंगे फर्नीचर को उनकी कीमत के साथ प्रदर्शित किया गया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज एक बयान जारी करते हुए 'शीश महल' को लेकर कहा कि दिल्ली की जनता के बाद अब पंजाब की जनता को भी देखना चाहिए कि किस तरह जनता की खून-पसीने की कमाई से आलीशान शीशमहल बनाया गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब की जनता के सामने इस पूरे मामले की सच्चाई आनी चाहिए।

दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने पत्रकारों से कहा कि दिल्ली की जनता का पैसा, यानी टैक्स देने वालों का पैसा कहां और कितना खर्च किया गया, इसका पूरा हिसाब हर सरकार को देना चाहिए। जनता को यह जानने का अधिकार है कि दिल्ली के विकास पर खर्च होने वाला उसका पैसा पिछले मुख्यमंत्री ने किस तरह का फर्नीचर खरीदने में खर्च किया। यहां हमारा कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है। यहां लिखी गई हर रकम के साथ हमने उसका बिल नंबर और इनवॉइस नंबर भी दिया है। यह पूरा घर पहले जैसा ही है, इसमें किसी भी सामान को इधर-उधर नहीं किया गया है। इसलिए जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उसका पैसा कहां खर्च किया गया।

दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने 'शीश महल' में पत्रकारों से कहा कि आज आपके कैमरों के जरिए पूरा देश देखेगा कि दिल्ली की जनता के पैसे को कैसे बर्बाद और लूटा गया। मैं चाहता हूं कि पूरा देश आपके कैमरों के जरिए देखे कि करोड़ों रुपए का सामान खरीदा गया है और दुनिया भर के देशों से चीजें मंगवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जब जनता ऑक्सीजन की कमी से जूझ रही थी तब केजरीवाल करोड़ों के शीश महल का निर्माण कर रहा था।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली की जनता के पैसों को लूटकर शीशमहल में विदेशों से करोड़ों का सामान ला कर अय्याशी के लिए लगाया गया, जो आदमी कहता था मैं एक कमरे के घर में रहूंगा उस आदमी ने दुनिया के तमाम देशों से लाकर करोड़ों का सामान रखा है और जनता के टैक्स के पैसों से कैसे अय्याशी की गई इसका सबूत पूरा देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि ‘शीश महल’ में लाखों की चिमनी इटली से आई है, क्रॉकरी 31 लाख रुपये की दुनिया के अलग-अलग देशों से मंगाई गई है, फ्रिज में इंटरनेट व टीवी लगा हुआ है...कोरोना काल में यह पाप केजरीवाल ने दिल्ली की जनता के साथ किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Tags