
- भोपाल में हुआ पांचवां राष्ट्रीय सतत ऊर्जा नवाचार कॉन्क्लेव-2026
- ऊर्जा क्षेत्र में तकनीक, नवाचार, निवेश और साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर हुआ विचार-विमर्श
भोपाल, 27 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र को अधिक विश्वसनीय, सक्षम, सुदृढ़ और तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से ऊर्जा विभाग द्वारा राजधानी भोपाल में शुक्रवार को पांचवें राष्ट्रीय सतत ऊर्जा नवाचार कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया गया। कॉन्क्लेव में प्रदेश के विद्युत तंत्र को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारियों, ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, तकनीकी संस्थानों और ऊर्जा कंपनियों ने कॉन्क्लेव में सहभागिता की।
कॉन्क्लेव में नीति आयोग, केन्द्र सरकार के उप सलाहकार (ऊर्जा) मनोज कुमार उपाध्याय ने ऊर्जा क्षेत्र की प्राथमिकताओं और भावी संभावनाओं पर विचार रखे। प्रदेश के श्रम एवं तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के सचिव रघुराज एम. राजेंद्रन ने ऊर्जा क्षेत्र की जरूरतों और प्रदेश सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों के संबंध में विस्तार से बताया। इस दौरान विद्युत उत्पादन, पारेषण और वितरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, उभरती तकनीकों को अपनाने, परिचालन दक्षता बढ़ाने, डिजिटल परिवर्तन और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। जनवरी 2027 में भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियों, निवेश संभावनाओं और विकास के नए अवसरों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करना रहा।
कॉन्क्लेव का उद्घाटन सत्र 'मध्यप्रदेश की विकास यात्रा को ऊर्जा प्रदान करना: विश्वसनीय, सुदृढ़ और भविष्य के लिए तैयार विद्युत तंत्र का निर्माण' विषय पर केंद्रित रहा। कार्यक्रम में ऊर्जा विभाग के ओएसडी मंदार पुराणिक ने स्वागत उद्बोधन दिया। ऊर्जा विभाग के सचिव एवं मध्यप्रदेश पॉवर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक विशेश गढ़पाले ने कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में विशेष संबोधन दिया। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता ने भी विशेष संबोधन दिया।
कॉन्क्लेव में विद्युत उत्पादन, पारेषण एवं वितरण व्यवस्था में आधुनिक तकनीकों और नवाचारों के उपयोग से दक्षता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। विद्युत कंपनियों के डिजिटल परिवर्तन की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए डेटा, एनालिटिक्स और उभरती तकनीकों के माध्यम से बेहतर निर्णय लेने, परिचालन प्रदर्शन में सुधार और उपभोक्ताओं को अधिक प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
विद्युत अधोसंरचना की सुरक्षा और डिजिटल विश्वास को मजबूत बनाने के लिए साइबर सुरक्षा को भी चर्चा का प्रमुख विषय बनाया गया। विशेषज्ञों ने विद्युत कंपनियों की डिजिटल प्रणालियों को सुरक्षित रखने, साइबर खतरों से निपटने और विद्युत तंत्र की परिचालन निरंतरता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रभावी उपायों पर विचार साझा किए।
5वें राष्ट्रीय सतत ऊर्जा नवाचार कॉन्क्लेव-2026 में हुए विचार-विमर्श से मध्यप्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र में सरकार और उद्योग जगत के बीच सहयोग, तकनीकी नवाचार, निवेश तथा अधोसंरचना विकास की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हुआ। कॉन्क्लेव में प्रदेश के लिए टिकाऊ, सुरक्षित, दक्ष और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विद्युत तंत्र विकसित करने की दिशा में विभिन्न सुझावों और संभावनाओं पर मंथन किया गया। उद्घाटन सत्र में साइबर पीस फाउंडेशन के सीटीओ एवं सीएसएआई के उपाध्यक्ष एमएकेपी सिंह भी उपस्थित रहे।
कॉन्क्लेव में केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) इलाहाबाद, कर्नाटक सरकार की बेंगलुरु इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी लिमिटेड तथा एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) सहित विभिन्न राष्ट्रीय संस्थानों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इनमें केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के मुख्य अभियंता (नियामक मामले) एल.के.एस. राठौर, उप निदेशक अरविंद कुमार मीणा, आईआईआईटी इलाहाबाद के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रो. एस. वेंकटेशन, बेंगलुरु इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी लिमिटेड के वैकल्पिक मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी के. बालाजी और ईईएसएल के प्रमुख (सस्टेनेबिलिटी एवं क्लीन टेक) अनिल कुमार चौधरी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत