
क्राइस्टचर्च, 27 नवंबर (हि.स.)। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन दो विकेट लेकर भारतीय टीम को वापसी दिलाने वाले तेज गेंदबाज आकाश दीप ने कहा कि दूसरे टेस्ट के पहले दिन लंच के बाद अनुशासन और धैर्य के साथ गेंदबाजी करने से भारतीय टीम को वापसी करने में मदद मिली। हालांकि, मेजबान टीम ने 1 विकेट पर 110 रन से वापसी करते हुए दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 246 रन बना लिए। आखिरी सत्र में टॉम ब्लंडेल और ग्लेन फिलिप्स ने 62 रन की अटूट साझेदारी कर न्यूजीलैंड को संभाला।
सुबह नई गेंद से भारतीय गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिली, लेकिन टीम इसका पूरा फायदा नहीं उठा सकी। कई बार गेंद का बाहरी किनारा लगा, लेकिन वह क्षेत्ररक्षकों तक नहीं पहुंचा। दो विकेट लेने वाले आकाश दीप ने माना कि भारत पहले दिन इससे बेहतर प्रदर्शन कर सकता था। हालांकि, उन्होंने कहा कि लंच के बाद विकेट लेने की जल्दबाजी करने के बजाय सही क्षेत्र में गेंदबाजी करने पर ध्यान देने की रणनीति सफल रही।
आकाश दीप ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, “पहले सत्र में गेंद में कुछ नमी थी और वह ज्यादा तेजी से बल्ले पर नहीं आ रही थी। इसलिए किनारे से लगकर निकलने वाली गेंदें क्षेत्ररक्षकों तक नहीं पहुंच रही थीं। शुरुआत में हम गेंद को कुछ ज्यादा ही स्विंग करा रहे थे। लंच के बाद हमने सही क्षेत्र में गेंदबाजी करने और धैर्य बनाए रखने पर ध्यान देने का फैसला किया। यही हमारी योजना थी और इससे हमें तीन विकेट हासिल करने में मदद मिली। कुल मिलाकर दिन अच्छा रहा, लेकिन हम इससे बेहतर कर सकते थे। हालांकि, कोई बात नहीं।”
आकाश दीप ने बताया कि उनका व्यक्तिगत ध्यान बल्लेबाजों को अधिक से अधिक गेंद खेलने के लिए मजबूर करने पर था। खासकर पहले दिन परिस्थितियां गेंदबाजों के अनुकूल थीं। उन्होंने कहा, “हमें पता था कि यह पहला दिन है और गेंदबाजों को मदद मिल रही है। इसलिए हम इसका अधिक से अधिक फायदा उठाना चाहते थे। मेरा ध्यान बल्लेबाज को ज्यादा से ज्यादा गेंद खेलने के लिए मजबूर करने पर था। मैंने अपने पहले स्पेल में पांच या छह ओवर गेंदबाजी की और कोशिश की कि बल्लेबाज 80 से 90 प्रतिशत गेंदों पर शॉट खेलने के लिए मजबूर हो। एक तेज गेंदबाज के लिए इस तरह की निरंतरता बनाए रखना आसान नहीं होता, क्योंकि कभी-कभी आप स्टंप पर गेंद डालने की कोशिश करते हैं, लेकिन आपकी लाइन थोड़ी भटक सकती है।”
आकाश दीप का मानना है कि गेंद पुरानी होने के साथ बल्लेबाजी के लिए परिस्थितियां बेहतर होती गईं। ऐसे में गेंदबाजों के सामने रन रोकने के साथ विकेट लेने की कोशिश जारी रखने की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी थी।
उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे गेंद पुरानी होती है, बल्लेबाजी थोड़ी आसान हो जाती है और हमारे लिए मुश्किल बढ़ जाती है। हमें रन भी रोकने होते हैं, क्योंकि हम विपक्षी टीम को खुलकर रन बनाने का मौका नहीं देना चाहते। हम हमेशा आक्रमण नहीं कर सकते। हमें आक्रमण करने के साथ रन गति पर नियंत्रण रखने के बीच संतुलन बनाना होता है।एक बार बल्लेबाज जम जाता है तो उसके लिए खेलना आसान हो जाता है, जबकि नए बल्लेबाज को परेशानी होती है। इन परिस्थितियों में खेल इसी तरह आगे बढ़ता है।”
दूसरी ओर, ब्लंडेल ने हरी पिच पर पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने के बाद टॉम लैथम और डेवोन कॉनवे की सलामी जोड़ी को टीम को भरोसा देने का श्रेय दिया। उनका मानना है कि पूरे दिन गेंद में मूवमेंट बनी रही, जिससे बल्लेबाजी चुनौतीपूर्ण रही।
ब्लंडेल ने कहा, “एक बार फिर पहले दिन हरी पिच पर हमें बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। ऐसे में उन दोनों का सकारात्मक इरादे के साथ उतरना, जिस तरह टॉमी ने बल्लेबाजी की और देव ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, उससे ड्रेसिंग रूम में हमें एक तरह का भरोसा मिला। जब सलामी बल्लेबाज अच्छी शुरुआत करके लौटते हैं, तो इसका टीम पर काफी सकारात्मक असर पड़ता है।”
विकेटकीपर बल्लेबाज को उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में पिच अधिक सपाट और तेज हो जाएगी। हालांकि, उनका मानना है कि दूसरी नई गेंद, जिससे केवल पांच ओवर गेंदबाजी हुई है, दूसरे दिन सुबह एक बार फिर चुनौती पेश कर सकती है।
उन्होंने कहा, “पूरे दिन गेंद काफी मूव कर रही थी। अब दूसरी नई गेंद भी आ गई है, इसलिए संभव है कि सुबह भी यह सिलसिला जारी रहे। मेरा मानना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम अच्छा रहने वाला है और पिच थोड़ी अधिक सपाट तथा तेज हो सकती है। शुरुआत में हर लिहाज से पिच थोड़ी धीमी थी, लेकिन पूरे दिन गेंद काफी मूव करती रही। कई मौकों पर यह काफी चुनौतीपूर्ण विकेट था। बल्लेबाज के तौर पर इस पिच पर कभी भी पूरी तरह सहज महसूस नहीं होता।”
फिलिप्स के साथ दिन के आखिरी हिस्से में अटूट साझेदारी कर न्यूजीलैंड को संभालने वाले ब्लंडेल ने कहा कि दूसरे दिन सुबह उन दोनों की बड़ी जिम्मेदारी होगी। घरेलू टीम की नजरें 300 से अधिक रन के स्कोर तक पहुंचने पर हैं।
उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि कल के खेल को देखें तो मेरे और ग्लेन के सामने बड़ी जिम्मेदारी है। अगर हम इस साझेदारी को आगे बढ़ाकर टीम को 300 और उससे अधिक के स्कोर तक पहुंचा सके, तो यह आदर्श स्थिति होगी। भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो उन्होंने पूरे दिन अच्छी गेंदबाजी की। गेंद में मूवमेंट के कारण उन सभी का सामना करना काफी मुश्किल था, लेकिन मुझे लगा कि सभी ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे