भारत ने सदैव विश्व को धर्म, आध्यात्म और मानवता का संदेश दिया है : दत्तात्रेय होसबाले

युगवार्ता    27-Nov-2026
Total Views |
संबोधन के दौरान लिया गया छायाचित्र


- संबाेधन से पहले सरकार्यवाह ने सेवा मेला में लगी प्रदर्शनी व स्टाल का अवलोकन किया -बृजेंद्र स्वरूप पार्क में' हिंदू आध्यात्मिक सेवा फाउंडेशन' ने आयोजित किया सेवा मेला

कानपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने शुक्रवार काे उत्तर प्रदेश के कानपुर के बृजेंद्र स्वरूप पार्क में' हिंदू आध्यात्मिक सेवा फाउंडेशन' द्वारा आयोजित सेवा मेला को संबोधित किया। उन्हाेंने निःस्वार्थ सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन पर जोर देते हुए कहा कि हम अपने सांस्कृतिक व पारिवारिक मूल्यों को बनायें रखें।

उन्हाेंने इस आयाेजन की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सेवा का आत्मविश्वास जागृत करना सेवा मेले का उद्देश्य है। भारत भूमि ने सदैव विश्व को धर्म, आध्यात्म और मानवता का संदेश दिया है, तथा देश के 36 स्थानों पर आयोजित हो रहे ये सेवा मेले समाज में इसी सेवा भाव और आत्मविश्वास को जागृत करने का माध्यम है। इससे पहले सरकार्यवाह ने सेवा मेला में लगी प्रदर्शनी व स्टाॅल का अवलोकन किया।

परोपकार और सेवा पर विचारहोसबाले ने 'परोपकाराय फलन्ति वृक्षाः, परोपकाराय वहन्ति नद्यः' का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रकार वृक्ष और नदियाँ परोपकार के लिए होती हैं, उसी प्रकार मानव शरीर भी दूसरों की भलाई के लिए होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंदू समाज में 'सेवा परमो धर्मः' की भावना रही है, जहाँ सेवा किसी प्रचार या पुण्य की इच्छा से नहीं, बल्कि सहज भाव से की जाती है। उन्होंने कहा कि सेवा में स्वार्थ नहीं होना चाहिए, इसका ध्यान रखना आवश्यक है। सेवा के माध्यम से समाज में यह विश्वास जगाना है कि हर मनुष्य के अंदर ईश्वर का वास है। धर्म का अर्थ केवल पूजा-पाठ नहीं, बल्कि सत्य आचरण और शुचिता के मार्ग पर चलना है।

पर्यावरण और जीवनशैली में बदलाव की आवश्यकता

वर्तमान समय में मानवता के समक्ष खड़ी चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार्यवाह ने कहा कि आज हरियाली कम हो रही है और डायबिटीज, कैंसर तथा रक्तचाप (बीपी) जैसी बीमारियाँ तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि हमें प्रकृति का शोषण नहीं, बल्कि दोहन करना चाहिए और उसके प्रति कृतज्ञता रखनी चाहिए। यदि हम पर्यावरण, जल, जंगल, जमीन, वन और वन्यजीवों को नहीं बचाएंगे, तो मनुष्य की आयु भी सुरक्षित नहीं रहेगी। इसके लिए हमें अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाना होगा।

युवाओं को नशे से बचाना होगा समाज और परिवार की भूमिका को रेखांकित करते हुए दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि देश को बचाने और संवारने का दायित्व केवल सरकार का नहीं है। हमें अपने पारिवारिक व सांस्कृतिक मूल्यों और आस्तिक जीवन को बचाए रखना होगा। माता-पिता की सेवा करने और बच्चों को अच्छे संस्कार देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी केवल उपदेश नहीं सुनती, बल्कि वह उदाहरण मांगती है, इसलिए हमें स्वयं उन आदर्शों को जीवन में उतारना होगा।

युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से बचाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि नशीली चीजों के व्यापार को रोककर देश की युवा पीढ़ी को नशे से मुक्त कराना हम सबकी जिम्मेदारी है। अंत में उन्होंने कहा कि देश के हर गाँव में देशभक्ति का भाव विद्यमान है, बस उसके प्रकटीकरण की आवश्यकता है। उन्होंने सभी से एक लक्ष्य और एक मार्ग के साथ भारत के उत्थान के लिए एकजुट होकर खड़े होने का आह्वान किया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनाें के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Tags