
अरविंद दानू ने पांच विकेट लेकर पलटा मैच, प्रमोद नेगी की 73 रनों की तूफानी पारी से जायंट्स को मिली सफलता
देहरादून, 27 नवंबर (हि.स.)। सचिवालय प्रीमियर लीग 2026 में शुक्रवार को खेले गए दो रोमांचक मुकाबलों में सचिवालय यूनाइटेड और सचिवालय जायंट्स ने जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में यूनाइटेड ने सचिवालय बुल्स को 19 रनों से हराया, जबकि दूसरे मैच में सचिवालय जायंट्स ने सचिवालय डेंजर्स को छह रनों से मात दी।
पहले मुकाबले में सचिवालय यूनाइटेड की टीम 16.5 ओवर में 110 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। संतोष पांडे ने सर्वाधिक 27 और प्रियांशु आहूजा ने 25 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सचिवालय बुल्स की टीम 16 ओवर में 91 रन ही बना सकी। बुल्स की ओर से राहुल जेटली ने 26 रन बनाए। यूनाइटेड के अरविंद दानू ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर पांच विकेट झटके, जबकि अंकित नौटियाल ने 15 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। अरविंद दानू को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में सचिवालय जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 185 रन बनाए। प्रमोद नेगी ने 33 गेंदों में 73 रनों की आक्रामक पारी खेली, जबकि कपिल ने 44 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सचिवालय डेंजर्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 179 रन ही बना सकी। डेंजर्स की ओर से अरविंद राणा ने 43 और सुंदर सिंह ने 36 रन बनाए। जायंट्स के अमित तोमर ने तीन विकेट हासिल किए। शानदार बल्लेबाजी के लिए प्रमोद नेगी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय