बांग्लादेश में सियासी घमासान : अवामी लीग के खिलाफ बीएनपी, जमात और एनसीपी करेगी रैली

युगवार्ता    28-Nov-2026
Total Views |
सांकेतिक


ढाका, 28 नवंबर (हि.स.)। बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अवामी लीग (एएल) के खिलाफ सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी), जमात-ए-इस्लामी और नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) ने दिसंबर में देशभर में रैलियां, जुलूस और विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की है। ये कार्यक्रम ऐसे समय में होने जा रहे हैं, जब प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग के खिलाफ राष्ट्रीय एकता बनाने की अपील की है। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी की अटकलों ने भी राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।

बांग्लादेश के अंग्रेज़ी दैनिक समाचार पत्र 'द डेली स्टार'

के मुताबिक हाल के दिनों में अवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हिंसा और तोड़फोड़ के आरोपों के बाद देश में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ी है। प्रमुख राजनीतिक दलों ने दिसंबर को 'विजय का महीना' बताते हुए अपने कार्यक्रमों की तैयारी शुरू कर दी है।

गृहमंत्री सलाहुद्दीन अहमद के मुताबिक बीएनपी के कार्यक्रम एक से 31 दिसंबर तक चलेंगे। वहीं, जमात-ए-इस्लामी ने 40 दिनों के कार्यक्रम की घोषणा की है। एनसीपी भी देश के 64 जिलों और 13 महानगरों में रैलियां और विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगी। इस बीच अवामी लीग की गतिविधियों पर प्रतिबंध जारी है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने इस मुद्दे पर प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ बातचीत शुरू की है।

बीएनपी अपने विजय माह कार्यक्रमों की शुरुआत एक दिसंबर को राजधानी ढाका के सुहरावर्दी उद्यान में एक विशाल रैली के साथ करेगी। इसमें पार्टी अध्यक्ष और प्रधानमंत्री तारिक रहमान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे शुरू होगा और इसमें सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे। पार्टी के कार्यवाहक महासचिव रूहुल कबीर रिजवी ने नयापलटन स्थित केंद्रीय कार्यालय में बैठक के बाद इसकी जानकारी दी।

बीएनपी सूत्रों के अनुसार इस बार पार्टी दिसंबर के लगभग हर दिन कोई न कोई कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में है। ज्यादातर आयोजन सभागारों के बजाय सड़कों और खुले मैदानों में होंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि इन कार्यक्रमों के जरिए अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं को यह संदेश दिया जाएगा कि किसी भी तरह की तोड़फोड़ और गैरकानूनी जमावड़े का विरोध किया जाएगा।

जमात-ए-इस्लामी ने 19 नवंबर को अपने 40 दिवसीय कार्यक्रम की घोषणा की थी। इसकी शुरुआत 21 नवंबर को बैतुल मुकर्रम राष्ट्रीय मस्जिद के उत्तरी द्वार पर रैली और जुलूस के साथ हुई। इसके बाद 25 नवंबर को 11 अन्य महानगरों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। जमात के महासचिव मिया गुलाम पोरवार ने कहा कि पार्टी जनता के साथ मिलकर फासीवाद का विरोध करेगी। फासीवाद के खिलाफ आंदोलन का मतलब वाहनों में आग लगाना या लोगों की हत्या करना नहीं है, बल्कि शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आंदोलन के जरिए विरोध दर्ज कराना है। पार्टी के सहायक महासचिव हामिदुर रहमान आजाद के मुताबिक 31 दिसंबर तक रैलियां, जुलूस, चर्चा बैठकें और सामाजिक गतिविधियां जारी रहेंगी।

जमात ने 13 दिसंबर को व्यापार सम्मेलन, 14 दिसंबर को शहीद बुद्धिजीवी दिवस, 15 दिसंबर को चर्चा कार्यक्रम और 16 दिसंबर को देशभर में विजय दिवस के जुलूस आयोजित करने की योजना बनाई है। इसके अलावा 19 से 23 दिसंबर तक इंकलाब मंच के नेता शरीफ उस्मान बिन हादी की हत्या की बरसी के अवसर पर बैठकें और प्रार्थना सभाएं होंगी। महीने के अंतिम पांच दिनों में रक्तदान शिविर, चिकित्सा शिविर और जरूरतमंद स्वतंत्रता सेनानियों की सहायता के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

एनसीपी ने भी 23 नवंबर से अपना 39 दिवसीय कार्यक्रम शुरू किया है, जो 31 दिसंबर तक चलेगा। पार्टी के संयुक्त संयोजक सरवर तुषेर के अनुसार इन कार्यक्रमों के जरिए विजय दिवस मनाने के साथ चार प्रमुख राजनीतिक मांगें उठाई जाएंगी। इनमें अवामी लीग को आतंकवादी संगठन घोषित कर उसके खिलाफ कार्रवाई, शेख हसीना को मौत की सजा, 2024 के जनविद्रोह के दौरान हुई हत्याओं के मामलों में न्यायिक प्रक्रिया तेज करना और गंगा जल बंटवारे समझौते के तहत बांग्लादेश का उचित हिस्सा सुनिश्चित करना शामिल है। इसके अलावा पार्टी जनमत संग्रह के फैसले को लागू करने की मांग भी कर रही है।

एनसीपी चट्टोग्राम और सिलहट में पहले ही कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है। पार्टी ने 27 नवंबर को गाजीपुर, 28 नवंबर को नारायणगंज, 29 नवंबर को राजशाही और 30 नवंबर को बोगुरा में रैलियां निर्धारित की थीं। पार्टी 16 दिसंबर को राजधानी में एक बड़ी विजय रैली भी निकालेगी। इसके अलावा गोपालगंज में भी रैली आयोजित करने की योजना है, हालांकि इसकी तारीख अभी तय नहीं हुई है।

बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी की खबरों ने स्थिति को और संवेदनशील बना दिया है। मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि वह 16 दिसंबर यानी विजय दिवस के अवसर पर बांग्लादेश लौट सकती हैं।

गौरतलब है कि 5 अगस्त 2024 को बड़े जनआंदोलन के बाद शेख हसीना को सत्ता छोड़कर देश से बाहर जाना पड़ा था। इसके बाद से वह भारत में रह रही हैं। बाद में इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने आंदोलन के दौरान हुई हत्याओं से जुड़े मामले में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। उनकी संभावित वापसी की खबरों के बाद कई जिलों में हिंसा और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। विशेष रूप से उनके गृह जिले गोपालगंज में देसी बम हमलों की खबरें आईं। इसके अलावा वाहनों, पुलिस ठिकानों, ग्रामीण बैंक की शाखाओं और बीएनपी नेताओं के घरों में आगजनी की घटनाएं हुई हैं। सत्तारूढ़ बीएनपी और विपक्षी दलों ने इन घटनाओं के लिए अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है।

बांग्लादेश में 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान से आजादी की जीत के उपलक्ष्य में दिसंबर को विजय माह के रूप में मनाया जाता है। हालांकि, इस बार राजनीतिक दलों ने इसे अवामी लीग के विरोध और अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के अवसर के रूप में भी तैयार किया है। खास बात यह है कि 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान से बांग्लादेश की आजादी का विरोध करने के अपने इतिहास के कारण जमात-ए-इस्लामी के विजय माह कार्यक्रम पहले सीमित रहते थे, लेकिन शेख हसीना सरकार के पतन के बाद पार्टी ने इन आयोजनों का विस्तार किया है। फिलहाल, आगामी 16 दिसंबर के विजय दिवस पर होने वाले आयोजनों और शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर देश की राजनीतिक स्थिति पर सबकी नजर रहेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Tags