
ढाका, 28 नवंबर (हि.स.)। बांग्लादेश के अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम इंग्लैंड के खिलाफ अगले साल फरवरी में मीरपुर में होने वाले पहले टेस्ट मैच के बाद टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने शनिवार को उनके संन्यास के फैसले की जानकारी दी। इसके साथ ही 39 वर्षीय मुशफिकुर का 21 साल से अधिक लंबा अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त हो जाएगा।
मुशफिकुर पहले ही एकदिवसीय और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ पहला मुकाबला उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। तमीम इकबाल ने बताया कि मुशफिकुर ने कुछ दिन पहले फोन पर उन्हें अपने फैसले की जानकारी दी थी। इकबाल ने उनसे खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संन्यास की घोषणा करने को कहा था, लेकिन उन्होंने बोर्ड अध्यक्ष से ही इसकी जानकारी सार्वजनिक करने का आग्रह किया।
इकबाल ने मुशफिकुर की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि वह बांग्लादेश क्रिकेट के लिए लंबे समय तक समर्पित भाव से खेलने वाले महान खिलाड़ी रहे हैं।
मुशफिकुर बांग्लादेश की ओर से सर्वाधिक टेस्ट मैच खेलने वाले क्रिकेटर हैं। उन्होंने अब तक 108 टेस्ट मुकाबलों में देश का प्रतिनिधित्व किया है और तीन दोहरे शतक लगाए हैं। हाल ही में वह टेस्ट क्रिकेट में सात हजार रन पूरे करने वाले बांग्लादेश के पहले बल्लेबाज भी बने।
उनका संन्यास बांग्लादेश क्रिकेट के एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत होगा। दो दशक से अधिक के करियर में उन्होंने टीम की बल्लेबाजी को मजबूती देने के साथ कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। इंग्लैंड के खिलाफ मीरपुर टेस्ट के साथ वह अपने लंबे टेस्ट सफर को विराम देंगे।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय