ईरान के अशांत सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में सुन्नी धर्मगुरु की गोली मारकर हत्या

युगवार्ता    28-Nov-2026
Total Views |

तेहरान, 28 नवंबर हि.स.)। ईरान के दक्षिण-पूर्वी सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक सुन्नी धर्मगुरु की गोली मारकर हत्या कर दी। स्थानीय मीडिया के अनुसार, मृतक की पहचान बशीर सलाहजेही के रूप में हुई है। वह सरबाज काउंटी के प्रतिष्ठित सुन्नी धर्मगुरु थे।

ईरान की तस्नीम समाचार एजेंसी ने बताया कि सलाहजेही की हत्या कुछ घंटे पहले एक कथित आतंकवादी हमले में की गई। एजेंसी ने इस वारदात के लिए अमेरिका और इजरायल के कथित समर्थित तत्वों को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, अभी किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

सिस्तान-बलूचिस्तान ईरान के सबसे गरीब प्रांतों में शामिल है। अफगानिस्तान और पाकिस्तान की सीमा से सटे इस इलाके में लंबे समय से सुरक्षा बलों और सशस्त्र संगठनों के बीच संघर्ष होता रहा है। इनमें अलगाववादी गुट भी शामिल हैं। हाल के दिनों में क्षेत्र में हिंसा की घटनाओं में फिर तेजी आई है।

इस प्रांत में बड़ी संख्या में बलूच समुदाय के लोग रहते हैं, जिनमें अधिकांश सुन्नी मुस्लिम हैं। इसके विपरीत ईरान की बहुसंख्यक आबादी शिया मुस्लिम है। धार्मिक और जातीय पहचान के साथ-साथ आर्थिक पिछड़ापन तथा अलगाववादी गतिविधियां इस क्षेत्र में लंबे समय से तनाव की वजह रही हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags